सारण : बिहार के सारण जिले हैरान कर देने वाली वारदात सामने आ रही है। यहां जिले के बनियापुर में नई नवेली दुल्हन को विदा करा के घर लौट रहे दूल्हे की पिटाई कर के दुल्हन को अगवा कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, कार सवार चार मनचलों ने इस घटना को अंजाम दिया और दूल्हे को पीटकर दुल्हन को अगवा कर के ले गए। इस घटना की सूचना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
दरअसल, ये पूरा मामला सारण के बनियापुर में जनता बाजार थाना क्षेत्र के ससना इलाके का है। यहां कार सवार चार मनचलों ने नई नवेली दुल्हन को विदा करा के घर लौट रहे दूल्हे की पिटाई की और फिर दुल्हन को अगवा कर लिया। घटना का विरोध करने पर दूल्हे और उसके साथ मौजूद दुल्हन की बहन की पिटाई भी की गई। टिआगो कार पर चार की संख्या में आये लोगों ने दूल्हे की ब्रेजा कार से दुल्हन को जबरन अपने कार में बैठा लिया और मौके से निकल गए।
अगवा करने आये लोगों में शामिल एक युवक दावा कर रहा था कि दुल्हन उसकी प्रेमिका है। दूल्हे, उसकी साली और साले ने दुल्हन को ले जाने से रोकने का काफी प्रयास किया। लेकिन वे सफल नहीं हुए। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली है और कई तरह की चर्चा की जा रही है।
बताया जा रहा है कि असम में अपने परिवार के साथ रहने वाला युवक अपने मामा के घर साहजितपुर पिपरपांती आया था। यहां से रविवार को जनता बाजार के पण्डितपुर में बारात गयी। बारात धूमधाम से लगी। फिर मुस्लिम रीति रिवाज के साथ दोनो की शादी कराई गई। सोमवार को दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन को घर ला रहा था। तभी रास्ते में ही चार लोगों ने जबरन कार से दुल्हन को खींचकर दूसरी कार में बैठा लिया और दुल्हन को अपने साथ ले गए।
पुलिस की ओर से इस घटना में ड्राइवर की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए ड्राइवर समेत तीन ज्ञात और चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।