सहारनपुर : उत्तर प्रदेश में श्मशान घाट की दीवार पर लिखे स्लोगन पर विवाद हो गया है। ‘बोतल छुपा दो कफन में मेरे, श्मशान में पिया करूंगा, जब भगवान मांगेगा हिसाब, तो पैग बनाके दिया करूंगा’। ग्राम पंचायत द्वारा श्मशान घाट की दीवार पर लिखवाई गई यह कोटेशन चर्चा का विषय बन गई। मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत की गई है, जिसमें ग्राम प्रधान पर कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्राम पंचायत हसनपुर भलस्वा की ओर से श्मशान घाट की दीवारों पर कई तरह की कोटेशन लिखवाई गई हैं, जिनमें ज्यादातर लोगों को जीवन की सच्चाई बताने से संबंधित हैं। इन्हीं के बीच शराब से जुड़ी यह कोटेशन कई दिन से चर्चा का विषय बनी हुई है। इस पर मनोज कुमार सिंधी ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है, जिसमें पूरी घटना का जिक्र किया गया है।
सिंधी का आरोप है कि ग्राम प्रधान अजय कुमार द्वारा कोटेशन लिखवाई गई है। इससे सभी को आपत्ति है। कई लोगों ने ग्राम प्रधान के समक्ष भी अपनी आपत्ति जताई है, लेकिन कोटेशन अभी तक नहीं पुतवाई गई। सिंधी का कहना है कि श्मशान घाट एक पवित्र और ऐसा स्थान है, जहां लोग अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने आते ऐसे हैं।
वहां इस तरह की कोटेशन लिखवाना अशोभनीय है। उधर, ग्राम प्रधान अजय कुमार का कहना है कि कोटेशन लिखने वाले के द्वारा गलती से लिखी गई है, जिसे पुतवाकर नई कोटेशन लिखवाई जाएगी।
