चंदौसी : उत्तर प्रदेश में संभल लक्ष्मणगंज निवासी एक युवक के नजदीक रही विवाहिता ने फोन कर उसे घर बुलाया। पति के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। आरोप है कि दंपती ने प्लास से खींचकर उसके दांत भी उखाड़ दिए। लहूलुहान हालत में घर पहुंचे युवक ने इलाज की कोशिशों के बीच दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंधों में ब्लैकमेलिंग पति-पत्नी के गुस्से की वजह बताई जा रही है।
इस वारदात का शिकार हुआ लक्ष्मणगंज वारिसनगर निवासी अनीस उर्फ समीर। अनीस के पिता मुस्तकीम ने बताया कि उनका बेटा दूसरे जिलों में तिरपाल बेचने का काम करता था। शनिवार रात वह घर के बरामदे और बेटा अनीस बैठक में सो रहे थे। शनिवार देर रात उनके पास अनीस के दोस्त का फोन आया। उसने अनीस के बारे में पूछा तो वह बैठक में गए। वहां चादर ओढ़कर लेटे अनीस को आवाज दी। उसके जवाब न देने पर चादर हटाई तो वह लहूलुहान और गंभीर हालत में था।
मुस्तकीम के मुताबिक पूछने पर बेटे (अनीस) ने बताया कि उसकी करीबी रही अशर्फी वाली गली निवासी विवाहिता सितारा ने उसे फोन कर बुलाया था। उसके घर पहुंचने पर सितारा और उसके पति भूरे ने बेरहमी से पीटा। प्लास से दांत उखाड़ दिए। इसके बाद परिजन अनीस को सीएचसी ले गए लेकिन उपचार की नौबत आने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में अनीस के आरोपी महिला से अवैध संबंधों की बात पता चली है। संबंधों की आड़ में वह महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। यह चर्चा आसपास फैलने से महिला का पति भूरे बदनामी से परेशान था। मुस्तकीम का आरोप है कि पति-पत्नी ने साजिश रचकर उनके बेटे की जानलेवा पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सितारा और उसके पति भूरे पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। वह प्लास भी कब्जे में ले लिया है, जिससे खींचकर दांत उखाड़ने की बात कही जा रही है। आरोपी भूरे भी तिरपाल बेचने का काम करता है।
नहीं मिले कई सवालों के जवाब : मृतक के परिजनों द्वारा बताए गए घटनाक्रम के साथ यह सवाल उठने लगा है कि जब महिला और उसके पति ने अपने घर बुलाकर अनीस को लहूलुहान कर दिया तो वह इस हालत में अपने घर तक कैसे पहुंचा। यही नहीं गंभीर घायल होने पर भी शोर मचाने के बजाय अपने घर में चादर ओढ़कर क्यों लेट गया। अपने घर से निकलने और लहूलुहान लौटने पर भी परिवार के किसी सदस्य को उसके साथ अनहोनी का पता क्यों नहीं चला। पिता के पास फोन आया तो वह अनीस के बिस्तर तक गए। चादर हटाने पर उन्हें हालत की जानकारी हुई। इन सवालों पर पुलिस का कहना है कि हर बिंदु को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने लगाया छह लाख बकाया का आरोप : अनीस की मौत के बाद उसके परिजनों ने हत्यारोपी भूरे पर छह लाख रुपये की बकायेदारी का आरोप लगाया है। कहा है कि भूरे उधार लिए छह लाख रुपये अनीस को वापस नहीं कर रहा था। हालांकि मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों की आर्थिक स्थिति से उनके बीच इतने बड़े लेनदेन की बात गले नहीं उतरती। पुलिस मान रही है कि जिस क्रूरता से वारदात की गई है, आमतौर पर इस तरह की बेरहमी मान-सम्मान से जुड़ी चोट का बदला लेने पर देखने को मिलती है।
एएसपी ने किया दौरा, दोनों घरों पर फोर्स : संभल जिले के एएसपी (उत्तरी) राजेश कुमार श्रीवास्तव ने रविवार की सुबह मौका मुआयना किया। उनके निर्देश पर एहतियातन दोनों घरों पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
अनीस के हत्यारोपी महिला से अवैध संबंध थे, वह महिला को आर्थिक व शारीरिक रूप से ब्लैकमेल कर रहा था। मोहल्ले में दंपती की बदनामी हो रही थी, जिस कारण दंपती ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या का मुकदमा दर्ज कर दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की जा रही है। राजेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी (उत्तरी) , संभल
