भारत से दक्षिण अफ्रीका जा रहे जहाज पर लुटेरों का कब्जा, सोमालिया के तट के पास हुआ था हमला  

Somaliya-Attack-on-Ship

नई दिल्ली : सोमालिया के तट के पास भारत से दक्षिण अफ्रीका जा रहे एक जहाज पर मशीन गन और रॉकेट प्रोपेल्ड गन से लैस लुटेरों ने हमला कर उस पर कब्जा कर लिया है। माना जा रहा है कि सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने इस हमले को अंजाम दिया। ब्रिटिश सेना के यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने इस हमले पर अलर्ट जारी किया और क्षेत्र में मौजूद जहाजों को चेतावनी दी।

प्राइवेट सुरक्षा फर्म एम्ब्रे ने भी जहाज पर हमले की जानकारी दी। एम्ब्रे ने कहा कि यह हमला भारत के सिक्का से दक्षिण अफ्रीका के डरबन जा रहे माल्टा के झंडे वाले एक टैंकर पर किया गया। एम्ब्रे ने आगे कहा कि यह सोमाली समुद्री डाकुओं का हमला लग रहा है, जिनके बारे में हाल के दिनों में इस इलाके में सक्रिय होने की खबरें आई हैं। इससे पहले सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने एक ईरानी मछली पकड़ने वाली नौका पर भी कब्जा कर लिया था। हालांकि ईरान की सरकार की तरफ से नाव पर कब्जे की बात स्वीकार नहीं की गई है।

2011 में जहाजों पर हमलों की 237 घटनाएं दर्ज की गईं : सोमालिया के तट के पास समुद्री डकैती 2011 में अपने चरम पर थी, जब विभिन्न जहाजों पर हमलों की 237 घटनाएं दर्ज की गईं थी। ओशन्स बियांड पाइरेसी मॉनिटरिंग ग्रुप के अनुसार, उस समय इस क्षेत्र में सोमाली समुद्री डकैती से दुनिया की अर्थव्यवस्था को लगभग 7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था, जिसमें 1.6 करोड़ डॉलर फिरौती के तौर पर दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *