रनवे पर ही पहिया छोड़कर विमान ने भरी उड़ान, मुंबई में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

spicejet-emergency-landing

मुंबई : गुजरात के कांडला से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान का एक पहिया टेक-ऑफ के समय रनवे पर गिर गया। शुक्रवार को उड़ान भरने के बाद स्पाइसजेट के विमान का पहिया रनवे पर पड़ा मिला था। हालांकि इस स्थिति के बावजूद विमान ने अपनी यात्रा पूरी की और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से उतरा।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 12 सितंबर को कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पड़ा मिला। विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित रूप से लैंडिंग की।

एयरलाइन ने कहा कि सुचारू लैंडिंग के बाद विमान अपनी शक्ति से टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित उतार लिए गए।  सूत्रों ने बताया कि विमान को मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, क्यू 400 विमान में छह टायर होते हैं। विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी।

सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने बताया कि कांडला से आया एक विमान तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद 12 सितंबर 2025 को दोपहर 3:51 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर आपातकालीन लैंडिंग की। इस दौरान एहतियात के तौर पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया था। विमान रनवे 27 पर सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। सफल लैंडिंग के कुछ ही देर बाद सामान्य परिचालन फिर से शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *