टीम इंडिया की जीत के बाद अमित शाह ने पाकिस्तान पर कसा तंज

Team-India-Shah

नई दिल्ली : आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पटखनी देते हुए शानदार जीत हासिल कर ली है। इसके बाद देश भर में जश्न का माहौल है। इस जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए पाकिस्तान पर कड़ा तंज कसा है।

मैच खत्म होने के तुरंत बाद अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “शानदार खेल दिखाया #TeamIndia, फॉर्मेट, जगह और तारीखें बदल जाए, लेकिन #IndvsPak का नतीजा हमेशा एक जैसा ही रहेगा। पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत के तुरंत बाद ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “महाशिवरात्रि पर महाविजय की देश वासियों को हार्दिक बधाई! भारतीय क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों का अभिनंदन! जय हिन्द”

बता दें कि आज के मैच में टीम इंडिया ने आसानी से पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया। इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस मैच में भारत को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में पाकिस्तान की टीम, 18 ओवर में 114 रन ही बना सकी।

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 9 मैच खेले गए हैं। इनमें से 8 बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि एक बार पाकिस्तान को जीत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *