गुवाहाटी : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी टेस्ट में दो दिन का खेल पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका के नाम रहा। उसने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 201 रन बनाए। फिलहाल दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी जारी है।
तीसरे दिन का खेल समाप्त : तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं। रिकेल्टन 13 और मार्करम 12 रन बनाकर नाबाद है। दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 288 रन की बढ़त मिली थी। ऐसे में मेहमान टीम की कुल बढ़त 314 रन की हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 201 रन पर सिमट गई थी। मार्को यानसेन ने छह विकेट झटके, जबकि साइमन हार्मर को तीन विकेट मिले। भारत ने सोमवार को बिना किसी विकेट के नौ रन से आगे खेलना शुरू किया और 192 रन बनाने में सभी 10 विकेट गंवा दिए। यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को फॉलोऑन नहीं खिलाया और फिर से बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
भारतीय टीम 201 रन पर सिमटी : भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 201 रन पर सिमट गई। टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम फॉलोऑन तक नहीं बचा सकी। उसे 289 रन बनाने थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने भारत को फॉलोऑन नहीं खिलाने का और फिर से बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। यानी भारतीय टीम ने दो दिन गेंदबाजी की और आधे दिन में निपट गए और टीम अब फिर गेंदबाजी करेगी। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए, जबकि सुंदर ने 48 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चला। पहली पारी के आधार पर दक्षिण अफ्रीका को दूसरी पारी में 288 रन की बढ़त हासिल है।
केएल राहुल 22 रन, साई सुदर्शन 15 रन, कप्तान ऋषभ पंत सात रन, रवींद्र जडेजा छह रन और नीतीश रेड्डी 10 रन बनाकर आउट हुए। 95 पर एक विकेट के बाद 122 रन तक आते आते भारत ने सात विकेट गंवा दिए। ध्रुव जुरेल खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद सुंदर ने कुलदीप यादव के साथ 72 रन की साझेदारी निभाई। सुंदर के आउट होते ही टीम 201 रन पर सिमट गई। कुलदीप 19 रन और बुमराह पांच रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से यानसेन ने छह विकेट लिए, जबकि साइमन हार्मर को तीन विकेट मिले। केशव महाराज ने एक विकेट लिया।
मुथुसामी के शतक से दक्षिण अफ्रीका ने खड़ा किया बड़ा स्कोर : दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 489 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और भारतीय गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए मुथुसामी ने शतक लगाया, जबकि मार्को यानसेन 93 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन छह विकेट पर 247 रन से आगे पारी बढ़ाई। मुथुसामी ने पहले वेरेने के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की और फिर यानसेन के साथ आठवें विकेट के लिए 97 रन जोड़े।
मुथुसामी ने करियर का पहला टेस्ट शतक लगाया जिससे दक्षिण अफ्रीका बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा। भारत की गेंदबाजी इतनी खराब रही कि टीम को चार विकेट लेने में तीन सत्र लग गए। कुलदीप ने हालांकि, यानसेन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की पारी ऑलआउट कर दी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मुथुसामी ने सबसे ज्यादा 109 रन बनाए, जबकि काइल वेरेने 45 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए कुलदीप यादव को चार विकेट मिले, जबकि बुमराह, सिराज और जडेजा को दो-दो सफलता मिली।
