त्रिपुरा : उनाकोटी जिले में हुई सांप्रदायिक झड़प, 4 पुलिसकर्मी और छह नागरिक घायल; 10 लोग गिरफ्तार

Tripura-Violence-Commuinal

अगरतला : त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में हुई सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को कुमार घाट उपखंड के सैदरपार इलाके में एक स्थानीय मंदिर के लिए चंदा वसूली को लेकर हिंसा भड़क गई थी। पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार राय ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी नई हिंसा की सूचना नहीं है।

हालात देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट बंद किया : संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों द्वारा पैदल गश्त की जा रही है। राय ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है और इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं। राय के मुताबिक, झड़पों में चार पुलिसकर्मी और छह नागरिक घायल हुए।

इस बीच, कांग्रेस विधायक दल के नेता बिराजित सिन्हा ने आरोप लगाया कि उन्हें हिंसा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने से रोका गया। विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने सरकार पर अल्पसंख्यक समुदाय की जान-माल की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्जी ने हिंसा की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *