राजस्थान : नाबालिग बेटी के साथ लिव इन पार्टनर ने किया दुष्कर्म, मूंछें-बाल काटकर निकाली गयी परेड

Udaipur-Live-in-Rapist-Minor

उदयपुर : पुलिस ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए महिला के कपड़े पहनकर हुलिया बदलकर शहर में घूम रहा था। सवीना थाना पुलिस ने आरोपी के आधे बाल और आधी मूंछ काटकर शहर में परेड निकाली और उसके गले में मैं बलात्कारी हूं, लिखी तख्ती लटकाई गई।

परेड के दौरान आरोपी से अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है जैसे नारे भी लगवाए गए। आरोपी महिला के कपड़े पहने हुए था और लोगों की मौजूदगी में पुलिस उसे इलाके में घुमाती नजर आई।

सवीना थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रशेखर पारीक पुत्र बालमुकुंद, निवासी हनुमान चौक, जोधपुर के रूप में हुई है। आरोपी पिछले आठ साल से उदयपुर में रह रहा था। उसने करीब तीन साल तक एक निजी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में नौकरी भी की थी, फिर बाद में कार स्पा सर्विस का काम शुरू कर दिया।

पीड़िता की मां ने 27 नवंबर को सवीना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि पति से विवाद के बाद वह आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने और काम के चलते बच्चों को कई बार आरोपी के पास छोड़कर जाना पड़ता था। छठी कक्षा में पढ़ने वाली पीड़िता ने फोन पर मां को बताया कि आरोपी पिछले एक महीने से उसके साथ गलत काम कर रहा है। उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

घटना का खुलासा होने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महिला के कपड़े पहनकर शहर में घूम रहा है। सूचना के आधार पर सवीना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *