यूपी : दुल्हन के पालतू कुत्ते को पीटने पर भिड़ गए घराती और बाराती, एक महिला का फिर फूटा

up-baarati

 फतेहपुर : खागा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक गेस्ट हाउस में विवाह का कार्यक्रम हो रहा था। लड़की पक्ष प्रयागराज से बस और चार पहिया वाहनों से शाम को गेस्ट हाउस पहुंचा। वर पक्ष भी धूमधाम से बरात लेकर गेस्ट हाउस पहुंचा। जयमाल समेत अन्य रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हुईं। भोर करीब चार बजे मंडप के नीचे दुल्हन को जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी।

इसी दौरान मंडप से कुछ दूरी पर बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता, जिसे परिजन साथ लेकर आए थे, भौंकने लगा। आरोप है कि वर पक्ष के एक युवक ने कुत्ते को पीट दिया। इस पर वधू पक्ष ने नाराजगी जताई, जिससे विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं।

मारपीट में वधू पक्ष से शुभम गुप्ता, ऋषभ केसरवानी और संगीता देवी के सिर फट गए और वे लहूलुहान हो गए। गेस्ट हाउस में बवाल होने पर शादी की रस्में रोक दी गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई और घायलों का सीएचसी में इलाज कराने के बाद प्रयागराज भेज दिया।

बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष फिर कोतवाली पहुंचे, जहां कस्बे के लोग भी बड़ी संख्या में जमा हो गए। वर पक्ष के भी एक-दो लोग मामूली रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने वधू से उसकी मंशा पूछी, जिस पर उसने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के मुख्य लोगों के बीच पंचायत हुई और एक-दूसरे को दिए गए उपहार व दान वापस किए गए। कोतवाल आरके पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *