बदायूं : यूपी के बदायूं स्थित इस्लामनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुस्तफाबाद नई बस्ती के रहने वाले महबूब को मामूली कहासुनी के बाद तीन युवकों ने खंभे से बांध लिया और उसे आग के हवाले कर दिया। चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और आरोपियों को ललकारा। उनके भाग जाने के बाद युवक को बंधनमुक्त कराते हुए आग बुझाई। सूचना पर डायल 112 पुलिस व परिजन मौके पर पर पहुंच गए। गंभीर हालत में उसको निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
नमाज पढ़ने गया था महबूब : कस्बा के मोहल्ला मुस्तफाबाद नई बस्ती के रहने वाले महबूब (20) पुत्र सत्तार गुरुवार को सहसवान रोड स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। नमाज पढ़ने के बाद मोहल्ले के ही तीन युवकों से उसका विवाद हो गया। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद महबूब अपने घर लौट आया।
महबूब को रस्सियों के सहारे खंभे से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की
शुक्रवार की सुबह को वह फिर नमाज पढ़ने गया। घर लौटते समय तीन लोगों ने उसको पकड़ लिया। परिजनों का आरोप है कि युवकों ने महबूब को रस्सियों के सहारे खंभे से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। आस-पास के लोगों ने उसको बचा लिया। लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया।
महबूब की हालत नाजुक : परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसे महबूब को रुदायन सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। युवक के मामा कैसर अली ने बताया कि गुरुवार को मोहल्ले के ही तीन लड़कों से उसके भांजे का झगड़ा हो गया था। इन्हीं लोगों ने आग लगाई है। मेरा भांजा उन्हें पहचान लेगा।
पुलिस का बयान : एसपी देहात हृदेश कठेरिया ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि युवक पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
