लखनऊ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं व 12वीं की बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। इसके लिए सुबह सवा सात बजे से ही विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र पहुंचना शुरू हो गया है। प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा होगी जो कि सुबह साढ़े आठ बजे शुरू होगी।
इसके पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने पर लखनऊ के काली चरण इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद चेंकिंग कर उन्हें इंट्री दी गई। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य है। किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या स्मार्ट वॉच पर लाने पर प्रतिबंध है।
सीतापुर में 146 परीक्षा केंद्र बनाए गए, विद्यार्थियों को टीका लगाकर प्रवेश दिया गया. यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए सीतापुर जिले में 146 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल में हिंदी का प्रश्न पत्र है। इसमें करीब 51 हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। 6 सचल दल परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो गए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिले को 7 जोन व 12 सेक्टर में बांटा गया है। विद्यार्थियों को टीका लगाकर अंदर प्रवेश दिया गया। विद्यार्थियों के अंदर काफी उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि कई परीक्षा केंद्रों पर सुबह के समय सुरक्षाकर्मी नदारद दिखे।