संभल : हेयर ड्रेसर जावेद हबीब और उसके बेटे अनोस हबीब के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के चलते जावेद हबीब के अधिवक्त पवन कुमार ने रायसत्ती थाना पुलिस से मुलाकात की है। अधिवक्ता ने पुलिस से जावेद हबीब के सहयोग के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी है। बताया है कि वह ह्दय रोगी हैं उनके पिता का कुछ समय पहले ही निधन हुआ है। इसलिए वह सहयोग करने के लिए कुछ मोहलत चाहते हैं। पुलिस की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
जावेद हबीब, उसके बेटे और संभल नई सराय निवासी सैफुल के खिलाफ 18 दिन में 32 मुकदमे धोखाधड़ी के दर्ज हो चुके हैं। यह मुकदमे कॉइन में निवेश कराकर ठगी करने के मामले से जुड़े हैं। इसी क्रम में 47 पीड़ित पुलिस के सामने पहुंच चुके हैं। तहरीर के आधार पर रायसत्ती थाने में 32 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा पुलिस लुकआउट नोटिस जारी भी कर चुकी है। सहयोग करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
इसी क्रम में अधिवक्ता ने संभल पहुंचकर मोहलत मांगी है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जितने भी पीड़ित सामने आए हैं सभी की तहरी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम इस मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
