यूपी : समधी संग मिलकर अम्मी ने कर दी सगी बेटी की हत्या, दहेज केस में ब्लैकमेल करने की थी प्लानिंग

UP-Kasganj-Mother-Murder

कासगंज : यूपी के कासगंज जिले में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है। यहां एक मां ने ही अपनी छोटी बेटी के ससुर के साथ मिलकर अपनी बड़ी बेटी शबनूर की हत्या करवा दी। बड़ी बेटी की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को ससुराल के गांव के पास फेंक दिया। आरोपी पुलिस को 9 दिन तक पूरी तरह से गुमराह करती रही। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हत्या से पहले खिलाई चाउमीन : बता दें कि पूरा मामला सुन्नगड़ी थाना क्षेत्र का है, जहां बड़ी बेटी शबनूर अपनी मां के यहां आई थी। हालांकि उसे इस बात की भनक भी नहीं थी कि उसकी हत्या की प्लानिंग हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक शबनूर की मां यासीन और उसकी छोटी बहन का ससुर रईस उसे घुमाने के बहाने बाजार ले गए और चाउमीन खिलाई। उन्होंने चाउमीन में भांग मिला दी, जिससे शबनूर को नशा हो गया और फिर रास्ते में उसे एक दुकान से चाय भी पिला दी। आगे चलकर उन्होंने शबनूर की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसके शव के पास उसकी ससुराल का एड्रेस लिखकर फेंक दिया।

दहेज केस में फंसाने के लिए की हत्या : आरोपियों ने शबनूर के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें ब्लैकमेल करने की प्लानिंग की थी। इसके लिए आरोपी शबनूर की मां ने पुलिस को तहरीर देकर उसके ससुराल वालों को दहेज एक्ट में फंसाया। हालांकि पूरे मामले की जांच शुरु हुई और एसपी अंकिता शर्मा ने सख्ती दिखाई। सीओ सहावर को मामले की जांच सौंपी गई, तो पूरा मामला रुपयों के लालच में बेटी की हत्या करने का निकलकर सामने आया। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में आरोपी मां और छोटी बहन के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

9 दिन बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार : बता दें 26 दिसम्बर को सुबह शबनूर का शव मिला था, जिसकी गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की टीम लगातार लगी हुई थी। आज 9 दिन बाद पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं एसपी ने इस मामले में खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम देने की भी बात की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *