यूपी : इनामी बदमाश गुरुसेवक एनकाउंटर में ढेर, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर मारी गई गोली

लखनऊ : यूपी में लखनऊ पुलिस ने एक लाख के ईनामी बदमाश गुरुसेवक को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। कैब चालक योगेश पाल समेत 2 कैब ड्राइवर की लूट और हत्या के मामले में पुलिस गुरुसेवक की तलाश कर रही थी। योगेश पाल की हत्या के मामले में पुलिस गुरुसेवक के दो साथियों को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है।

चेकिंग के दौरान आता दिखा गुरुसेवक : लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच और पारा थाने की पुलिस ने गुरुसेवक की तलाश में जुटी थी। रविवार रात को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के ज़ीरो प्वाइंट की सर्विस लेन पर गाड़ियों की चेकिंग के दौरान गुरुसेवक आता दिखाई दिया।

पुलिस पर कर दी फायरिंग : पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुरुसेवक को गोली लगी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गुरुसेवक के पास से एक पिस्टल, एक रिवाल्वर और अर्टिगा गाड़ी बरामद की है।

आरोपियों ने हत्या के बाद लूट ली थी गाड़ी : लखनऊ के वादलखेड़ा के रहने वाले कैब चालक योगेश पाल की कार बुकिंग के बहाने से गायब होने पर पर उनके परिजनों ने 29 सितंबर को पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसकी जांच के दौरान के गुरुसेवक और उसके साथियों का पता चला। आरोपियों ने योगेश की लूट के दौरान हत्या करने के बाद शाहजहांपुर में ट्रेवलर चालक अवनीश की भी हत्या की थी। आरोपियों ने हत्या के बाद गाड़ी भी लूट ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *