लखनऊ : यूपी में इटौंजा के एक गांव में सोमवार रात शादी में आई दो वर्ष की बच्ची को मकान की दूसरी मंजिल पर ले जाकर सीतापुर सिधौली सिरगंज निवासी संदीप कुमार ने दुष्कर्म किया। बच्ची के परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि दो वर्ष की बच्ची सोमवार रात आठ बजे परिवार के साथ रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने के लिए आई थी। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इस बीच आरोपी संदीप पहुंचा और बच्ची को गोद में उठाकर मकान की दूसरी मंजिल पर ले गया और उसके साथ गलत काम किया।
रोने पर छत से फेंकने की दी धमकी : आरोपी की घिनौनी हरकत पर बच्ची रोने लगी। इस पर आरोपी ने बच्ची को छत से नीचे फेंकने की धमकी दी। बच्ची सहम गई। बच्ची को गायब देख परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया। कुछ ही देर में परिजन दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचे तो आरोपी बच्ची के साथ गलत काम करते दिखा। बच्ची के पिता ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। नाराज लोगों ने उसकी धुनाई कर दी।
परिजनों को देख फफक कर रो पड़ी बच्ची : मासूम ने जैसे ही छत पर परिजनों को देखा वह पिता से लिपट कर फफक कर रोने लगी। उसने आरोपी सुनील की गलत हरकत के बारे में घरवालों को रोते हुए बताया। बच्ची के परिजन आरोपी सुनील को पकड़ कर इटौंजा थाने लेकर पहुंचे। पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
बिना बुलाए ही शादी में पहुंचा था आरोपी : पुलिस को पूछताछ और जांच में पता चला कि आरोपी संदीप कैटरिंग का काम करता है। वह बिना निमंत्रण के ही शादी में घुस आया था। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि आरोपी को शादी में आई प्रेमिका ने मिलने के लिए बुलाया था पर उनकी मुलाकात नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास फिलहाल नहीं मिला है।
