हजरतबल दरगाह में वक्फ बोर्ड की नींव पर बवाल, अशोक स्तंभ हटाने की कोशिश का वीडियो वायरल

Viral-Video

श्रीनगर : हजरतबल दरगाह में एक वायरल वीडियो सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया जिसमें कुछ लोग जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के नाम और राष्ट्रीय प्रतीक (अशोक चिह्न) से युक्त नींव पत्थर को हटाने की कोशिश करते नजर आए। इस घटना के बाद दरगाह परिसर में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

वायरल वीडियो के सामने आने के बाद इस संवेदनशील मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन और बीजेपी नेता डॉ. दरख्शां अंद्राबी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर नाराजगी जताई। उन्होंने इस घटना को “आतंकी हमला” करार देते हुए कहा- यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

राष्ट्रीय प्रतीक को नुकसान पहुंचाना सीधे तौर पर देश की संप्रभुता पर हमला है। इस घटना को अंजाम देने वाले एक राजनीतिक दल के गुंडे हैं, जिन्होंने पहले भी कश्मीर को बर्बाद किया और अब दरगाह शरीफ की पवित्रता को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। हमारे वक्फ बोर्ड के प्रशासक पर भी हमला हुआ, वे किसी तरह बच पाए।

डॉ. अंद्राबी ने कहा कि इस तरह की हरकत दर्गाह की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने साफ किया कि दोषियों की पहचान के बाद न सिर्फ उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी, बल्कि उन्हें आजीवन दरगाह में प्रवेश से प्रतिबंधित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस घटना के माध्यम से शांति और एकता को बिगाड़ने की साजिश की गई है, लेकिन सरकार और प्रशासन इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *