मुंबई : महिला विश्व कप 2025 में आज भारत का सामना गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से है। यह मुकाबला नवी मुंबई में खेला जा रहा है। भारतीय टीम इस मैच को हर हाल में जीतना चाहेगी और फाइनल में जगह बनाना चाहेगी। फाइनल दो नवंबर को खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका की टीम इंग्लैंड को हराकर पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलियन कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 48.5 ओवर में 338 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से फोएब लिचफील्ड ने शानदार शतक लगाया, वह 119 रन बनाकर आउट हुई।
मुकाबला शुरू, काली पट्टी बांधकर उतरीं दोनों टीमें : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली और फीबी लिचफील्ड क्रीज पर हैं। भारत की ओर से रेणुका सिंह ने गेंदबाजी की शुरुआत की। एक ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन है। दोनों टीमों की खिलाड़ी इस मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरी हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया युवा खिलाड़ी बेन ऑस्टिन की गेंद लगने से मौत हो गई थी जिस कारण दोनों टीमों ने उनके सम्मान में काली पट्टी बांधकर उतरने का फैसला लिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस : ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली यह मैच खेल रही हैं। वह जॉर्जिया वॉल की जगह टीम में आई हैं। उन्होंने कहा कि जॉर्जिया वेयरहैम की जगह सोफी मोलीनॉक्स की भी टीम में वापसी हुई है। वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वह भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थीं। भारतीय टीम में तीन बदलाव हुए हैं। प्रतिका रावल, उमा क्षेत्री और हरलीन देओल नहीं खेल रही हैं। इनकी जगह शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और क्रांति गौड़ टीम में आई हैं।
भारत : शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, अमनजोत कौर, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया : फीबी लिचफील्ड, एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), एलिसा पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहिलिया मैकग्राथ, सोफी मॉलनिक्स, अलाना किंग, किम गर्थ, मेगन शुट।
