Womens@WC : टीम इंडिया ने फाइनल में रचा इतिहास, दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर जीता वनडे विश्वकप

Womens@WC-Final-India-Champion

नवी मुंबई : भारत की महिला टीम इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में द. अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मैच पलट दिया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रन की पारी बेकार गई। 52 साल के महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में यह भारत का पहला वनडे विश्व कप का खिताब है। पहला महिला वनडे विश्व कप 1973 में खेला गया था। दीप्ति के अलावा शेफाली वर्मा ने भी कमाल दिखाया। उन्होंने बल्लेबाजी में 87 रन बनाने के अलावा दो विकेट भी झटके। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

भारत ने बनाए 298 रन : भारत ने 50 ओवर के खेल के बाद सात विकेट गंवाकर 298 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के सामने 299 रन का लक्ष्य रखा है। खिताब जीतने के लिए भारत को 298 रन बचाने होंगे। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली।

एक वक्त ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 350 के स्कोर तक पहुंच जाएगी, लेकिन मध्यक्रम में विकेट गिरने और धीमी बल्लेबाजी से ऐसा नहीं हो सका और भारतीय टीम 300 के करीब ही पहुंच पाई। यह महिला वनडे विश्व कप फाइनल का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर और भारत का विश्व कप फाइनल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। उसने 2022 विश्व कप फाइनल में पांच विकेट पर 356 का स्कोर बनाया था। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका को रिकॉर्ड चेज करना होगा। इससे पहले कभी महिला विश्व कप फाइनल में इतना बड़ा स्कोर चेज नहीं हुआ है। दक्षिण अफ्रीका का सबसे बड़ा चेज महिला वनडे विश्व कप में 275 रन का है। ऐसा उन्होंने 2022 में भारत के खिलाफ ही किया था।

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 58 रन और शेफाली ने 87 रन की पारी खेली। इसके अलावा स्मृति मंधाना ने 45 रन बनाए। वहीं, ऋचा घोष ने 24 गेंद में 34 रन की तूफानी पारी खेली। जेमिमा रॉड्रिग्स 24 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, अमनजोत कौर ने 12 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट लिए। वहीं, मलाबा, डी क्लर्क और क्लो ट्रायोन को एक-एक विकेट मिला।

दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी : बारिश की आंख मिचोली के कारण लगभग दो घंटे की देरी के बाद आखिरकार खिताबी मुकाबले का टॉस हो गया। दक्षिण अफ्रीका ने इसे जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों कप्तानों ने अपने विनिंग कॉम्बिनेशन को नहीं छेड़ा है और फाइनल मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी हैं। बता दें कि, मुकाबले की पहली गेंद 5 बजे फेंकी जाएगी।

बारिश की वजह से 4:32 पर टॉस : नवी मुंबई में बारिश के कारण मुकाबला शुरू होने में देरी हो रही है। अंपायर्स ने स्थिति का जायजा लेने के बाद फैसला लिया है कि 4:32 बजे टॉस होगा जबकि 5 बजे खिताबी मैच की पहली गेंद फेंकी जाएगी। अच्छी बात यह है कि ओवरों में कटौती नहीं की गई है, यानी दर्शकों को पूरे 50-50 ओवर का गेम देखने को मिलेगा।

भारत : शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।

दक्षिण अफ्रीका : लाउरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, एनिक बॉश, सुने लूस, मारिजन कप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), एनरी डर्कसन, क्लो ट्रॉयन, नादिन डि क्लार्क, आयाबोंगा खाका, एन म्लाबा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *