WPL 2026 : आरसीबी विमेंस प्रीमियर लीग के फाइनल में, यूपी वॉरियर्स प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर

WPL-RCB

वडोदरा : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ सीजन के 18वें मैच में आरसीबी को 8 विकेट से जीत मिली। इस जीत के साथ 8 मैचों में टीम के 12 पॉइंट हो गए। 

अन्य कोई टीम 10 पॉइंट को पार नहीं कर पाएगी। इस लीग में टेबल टॉप टीम सीधे फाइनल में पहुंचती है। वहीं 7वें मैच में 5वीं हार के साथ यूपी के प्लेऑफ में जाने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है। यूपी ने पहले बैटिंग करते हुए इस मुकाबले में 8 विकेट पर 143 रन बनाए। आरसीबी ने 13.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस टीम को कप्तान मेग लैनिंग और दीप्ति शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 8.1 ओवरों में 74 रन जुटाए। लैनिंग 30 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद दीप्ति शर्मा ने मोर्चा संभाला। हालांकि किसी भी बैटर ने लंबे समय तक उनका साथ नहीं निभाया। दीप्ति ने 43 गेंदों में 55 रन बनाए। इस पारी में 1 छक्का और 6 चौके शामिल रहे।

वॉरियर्स ने पारी की अंतिम 7 गेंदों में अपने 3 विकेट गंवाए। आरसीबी की तरफ से नादिन डी क्लार्क ने 22 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि ग्रेस हैरिस ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

आरसीबी को ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों ने बैटिंग पावरप्ले में 63 रन जोड़ दिए। 7वें ओवर की पहली गेंद पर हैरिस ने अपनी फिफ्टी पूरी की। 28 गेंदों पर वह पचासे तक पहुंची। 55 गेंदों पर स्मृति और हैरिस ने 108 रन जोड़े। शिखा पांडे ने हैरिस को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने 37 गेंद पर 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए।

उनके आउट होने के बाद स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाला। 26 गेंदों पर उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी की। 14वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर स्मृति ने आरसीबी को फाइनल में पहुंचा दिया। उन्होंने 27 गेंद पर 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *