नवी मुंबई : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में अपना तीसरा मुकाबला भी जीत लिया है। मुंबई और यूपी को हराने के बाद टीम ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ जीत हासिल की। डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी के मैदान पर आरसीबी ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में गुजरात की पारी 150 रनों पर सिमट गई। आरसीबी को 32 रनों से आसान जीत मिली।
राधा ने आरसीबी के लिए फिफ्टी ठोकी : पहले खेलने उतरी आरसीबी ने पहले ही ओवर में 23 रन बना दिए। ग्रेस हैरिस ने रेणुका सिंह ठाकुर के खिलाफ चार चौके मारे। इसके अलावा 7 रन एक्स्ट्रा के मिले। हालांकि इसके बाद गुजरात ने वापसी की। काशवी गौतम ने हैरिस (17) और डी हेमलता (4) के विकेट चटकाए। रेणुका ने स्मृति मंधाना को 5 के स्कोर पर ही वापस भेज दिया। गौतमी नाइक 9 रन बनाकर आउट हो गईं।
आरसीबी 43 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद ऋचा घोष ने राधा यादव के साथ 66 गेंदों में 105 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। ऋचा 28 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुईं। राधा यादव ने नादिन डी क्लार्क के साथ छठे विकेट के लिए 17 गेंदों में 31 रन जोड़े। क्लार्क ने 12 गेंदों में 2 छक्कों और 2 ही चौकों की मदद से 26 रन बनाए। वहीं, राधा यादव 47 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुईं। सोफी डिवाइन ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि काशवी गौतम को 2 विकेट मिले।
श्रेयंका ने डाला सीजन का बेस्ट स्पेल : लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की टीम श्रेयंका और इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल (चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने ढेर हो गई। 3.5 ओवर में 23 रन देकर श्रेयंका ने 5 विकेट झटके। यह इस सीजन किसी भी गेंदबाज का बेस्ट स्पेल है। लॉरेन बेल ने भी तीन विकेट झटके। गुजरात के लिए भारती फूलमाली 39 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहीं।टीम ने कप्तान बेथ मूनी (27 रन) की मदद से आक्रामक शुरुआत की। लेकिन जल्द ही विकेट गिरने शुरू हो गए जिससे टीम ने 46 रन पर तीन विकेट खो दिए थे।
9वें ओवर में कनिका आहुजा (16 रन) का विकेट खोने के बाद 11वें ओवर में जॉर्जिया वारेहम के रूप में अपना पांचवां विकेट गंवा दिया। इससे स्कोर पांच विकेट पर 70 रन हो गया। भारती फूलमाली और काशवी गौतम (18 रन) ने मिलकर कुछ उम्मीद जगाई। लेकिन बेल ने 17वें ओवर में भारती को आउट कर स्कोर सात विकेट पर 139 रन दिया। इसके बाद से टीम उबर ही नहीं सकी और जल्द अपने बचे हुए विकेट गंवा दिए। तनुजा कंवर ने 21 रन का योगदान दिया लेकिन आरसीबी की गेंदबाजों के सामने कोई भी टिककर नहीं खेल सका।
