शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के कछला गंगा घाट से जल भरने जाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगा डीजे हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने के बाद नीचे गिरने पर ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलने से दो लोगों की मौत हो गई और 10 श्रद्धालु झुलस गए हैं।
कुंडरिया गांव के रहने वाले श्रद्धालु मंगलवार की रात कछला गंगा घाट से जल भरने जाने की तैयारी कर रहे थे। डीजे बांधने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली पर करीब 30 श्रद्धालु सवार थे। गांव की गली से निकलते समय हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर ट्रॉली पर रखा डीजे छू गया।
करंट लगने के बाद परौर थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव निवासी जसवीर कश्यप (17) व सुखवीर (32) सड़क पर गिर गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे आने से उनकी मौत हो गई। हादसे में करीब 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। करंट लगने के बाद चीख-पुकार मच गई। प्रधान ने वाहनों का इंतजाम कर करंट से झुलसने वालों को बदायूं के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि दो श्रद्धालुओं की मौत हुई है। मौके पर पुलिस मौजूद है।