गाजियाबाद : यूपी के गाजियाबाद स्थित कविनगर के महागुनपुरम सोसायटी में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले ज्योतिषाचार्य राजवीर चावला (42) ने 13वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी, जबकि फ्लैट के अंदर उनकी मां सतनाम कौर (65) का शव मिला। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और नाक पर खून के धब्बे मिले हैं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि राजवीर सोसायटी के विनायक टॉवर में अपनी मां के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि उन्होंने जान दे दी है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो फ्लैट के अंदर महिला का शव बरामद हुआ। शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन नाक से खून के रिसाव के संकेत हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। दोनों के शवों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
एसीपी के अनुसार, पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राजवीर का पत्नी किरण बाला से विवाद चल रहा था। उनकी पत्नी छह वर्षीय बेटे के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक की गौड़ सिटी में अलग रह रही है। पड़ोसियों के अनुसार, राजवीर ने ज्योतिषाचार्य के काम से आमदनी न होने पर गत दिनों ब्रॉडकास्ट शुरू किया था, जो बंद हो चुका है। ऐसे में वह आर्थिक तंगी और अवसाद से जूझ रहे थे।
पिछले कुछ समय से उन्होंने लोगों से बातचीत भी कम कर दी थी। चर्चा है कि मां की हत्या के बाद राजवीर ने आत्महत्या की। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही महिला की मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। लोगों ने बताया कि सतनाम कौर कुछ दिन पूर्व ही बेटे के पास रहने आई थीं।
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि राजवीर सीढ़ियों के रास्ते 13वीं मंजिल तक गए और फिर वहां से छलांग लगा दी। वह नीचे बने टीन शेड पर गिरे, जिससे तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
