यूपी : पति हुआ AIDS संक्रमित… तो पत्नी ने छोड़ा साथ, तब महिलाओं के साथ करने लगा यौन शोषण-ठगी

Yupi-HIV-Positive

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ यौन शोषण और ठगी के आरोपी को रविवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। छह माह पहले जब पता चला कि आरोपी एड्स का मरीज है, तभी से उसकी पत्नी ने उससे किनारा कर लिया था। इसके बाद उसने दूसरी महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया। वह उन्हें प्यार के झांसे में लेकर यौन शोषण करता था। फिर उनके गहने भी लूट लेता था।

आरोपी बड़हलगंज इलाके के एक गांव का रहने वाला है। वहां के ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक ने एक दलित युवती से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद भी वह कई महिलाओं के संपर्क में था, जिसे लेकर अक्सर पति-पत्नी में विवाद हुआ करता था। चर्चा है कि वह महिलाओं से काफी बात करता था। तीन-चार सालों से वह गांव में भी कम आता-जाता था। छह माह पहले जब पत्नी को पता चला कि युवक एचआईवी पॉजिटिव है, तब उसने पति से किनारा कर लिया और मायके चली गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पत्नी के जाने के बाद वह शादीशुदा महिलाओं को फोन के माध्यम से संपर्क कर झांसे में लेने लगा। ज्यादातर ऐसी महिलाओं को झांसे में लेता, जिनके पति बाहर रहकर कमाते हैं। महिलाओं पर कुछ रुपये खर्च कर ऊंचे-ऊंचे ख्वाब दिखाता। वह खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताता था। महिलाओं के साथ यौन शोषण का भी आरोप है। भरोसा जीतने के बाद गहने भी ले लेता था। फोन बंद कर भाग जाने पर महिलाओं को जालसाजी का पता चला।

पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी युवक कई महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। हालांकि, युवक से बात करने वाली कोई भी महिला उसका असली नाम और पता नहीं बता सकी। अब युवक के एचआईवी पॉजिटिव होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया है।

आरोपी की खुलेगी हिस्ट्रीशीट : महिलाओं के साथ यौन शोषण और गहने लूटने के आरोपी की पुलिस हिस्ट्रीशीट खोलेगी। बड़हलगंज क्षेत्र के पैतृक गांव में वह बचपन से पला-बढ़ा। गांव के लोगों ने बताया कि उसने काफी पहले ही चोरी करनी शुरू कर दी थी। गांव के कई लोगों की मोटर चुरा ली थी। चोरी के मामले में जेल भी गया। जेल से लौटा तो लोगों के साथ जमीन प्लाॅटिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने लगा। धोखाधड़ी के आरोप में बड़हलगंज थाने में केस दर्ज हुआ। इसके बाद वह वर्ष 2015 में मुंबई चला गया।

बताया जा रहा है कि मुंबई के बोरीवली इलाके में किसी कबाड़ की दुकान वाले से उसका संपर्क हो गया। एक बार बोरीवली की जीआरपी पुलिस ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया था। इसके बाद खुलासा हुआ कि उसने पहले भी कई बार रेलवे के सामान को चोरी कर बेचा था। मामले में उसके साथ अन्य भी कई लोग शामिल थे। मुंबई पुलिस ने सब पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहां से सजा काटकर लौटने के बाद वह फिर से बड़हलगंज आ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *