यूपी : फर्जी जज और साथी वकील को भेजा गया जेल

बिजनौर : शुक्रवार देर शाम एचएफडीसी बैंक के शाखा प्रबंधक अतुल द्विवेदी ने फर्जी जज आयशा परवीन और वकील अनस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मुजफ्फरनगर के गांव दधेडू कलां की रहने वाली आयशा परवीन ने खुद को न्यायाधीश बताया और जनपद रामपुर में तैनात होने की बात कही।

साथ में आए वकील अनस निवासी किशनवास थाना मंडावर बिजनौर ने खुद को जज का पेशकार बताया। बैंक में 35 लाख के पर्सनल लोन के लिए आयशा परवीन ने आवेदन किया था। शुक्रवार शाम लोन की रकम ट्रांसफर होने वाली थी कि लोन के लिए जमा किए गए कागज संदिग्ध होने पर जांच की गई। शक होने पर साइबर थाना में तैनात पुलिसकर्मी विवेक तोमर को भी मौके पर ही बुला लिया गया था।

शुरुआती जांच में ही जज का पहचान पत्र, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट और नियुक्त पत्र फर्जी पाए गए। पुलिस ने आयशा परवीन और वकील अनस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दानों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

आयशा बोली, गलती हो गई… घर मत बताना : शहर कोतवाली के एसएसआई सतेंद्र मलिक ने बताया कि गिरफ्तार होने के बाद आयशा बेहद परेशान हो गई। उसने कहा कि गलती हो गई, मेरे घर मत बताना। मां बीमार है और पिता को अटैक आ जाएगा। हालांकि पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना दे दी थी। शहर कोतवाली पहुंचे आयशा के पिता बार-बार रोते रहे। उन्हें यह मालूम ही नहीं था कि उनकी बेटी असल में जज नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *