यूपी : मुरादाबाद में प्रेम विवाह करने वाली दो युवतियों ने मांगी सुरक्षा, इस्लाम छोड़ सनातन धर्म किया स्वीकार

yupi-two-muslim-girls-married

मुरादाबाद : हिंदू धर्म अपनाकर प्रेम विवाह करने वाली नूर फातिमा और सालेहीन ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। दोनों ने जान को खतरा बताते हुए पुलिस और सरकार से सुरक्षा मांगी है। दोनों ही प्रेमी जोड़ों ने अब तक अपने परिवारों से संपर्क नहीं किया है। उधर पुलिस ने लड़कियों के परिवार से संपर्क कर तहरीर देने को कहा तो उन्होंने कार्रवाई से इन्कार कर दिया है।

भोजपुर के बहेड़ी ब्रह्मान निवासी नूर फातिमा और उसी क्षेत्र के देवीपुरा निवासी गौरव कुमार के बीच प्रेम संबंध थे। नूर फातिमा के गांव में रहने वाली सालेहीन का प्रेम संबंध कटघर के पंडित नगला निवासी अमित के साथ था। गौरव कुमार नूर फातमा से और अमित सालेहीन से शादी करना चाहता था लेकिन चारों के सामने धर्म की दीवार आड़े आ रही थी। 12 जुलाई को चारों अपने अपने घरों से गायब हो गए।

इसके बाद वह गौतमबुद्ध नगर पहुंच गए। यहां उन्होंने आर्य समाज मंदिर में आचार्य प्रेमदेव शास्त्री से मुलाकात की और उन्हें बताया कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं। यहां पहले दोनों युवतियों ने इस्लाम धर्म त्याग दिया और सनातन धर्म स्वीकार कर लिया।

धर्म के साथ ही दोनों युवतियों ने अपने-अपने नाम भी बदल लिए। नूर फातिमा नीलम सिंह बन गई तो सालेहीन ने अपना नाम शालिनी रख लिया। 15 जुलाई को आर्य समाज मंदिर में आचार्य प्रेम देव शास्त्री ने दोनों जोड़ों की शादी करा दी।

शुक्रवार को दोनों युवतियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए हैं जिसमें बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से धर्म बदला और हिंदू बन गई हैं। अपने-अपने प्रेमी से शादी कर ली है। दोनों ने पुलिस और शासन से सुरक्षा की मांग की है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में लड़कियों के परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *