मुंबई : महाराष्ट्र के डोंबिवली में मंगलवार को उस वक्त सियासी बवाल खड़ा हो गया, जब कांग्रेस वर्कर प्रकाश ‘मामा’ पगारे ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साड़ी पहने हुई एक मॉर्फ्ड तस्वीर शेयर की. इसके साथ एक गाना भी डाला गया, जिसे बीजेपी नेताओं ने आपत्तिजनक बताया. 73 साल के पगारे उल्हासनगर इलाके में अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. हालांकि, इस पोस्ट के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में गुस्सा भड़क गया और सड़कों पर जमकर विरोध-प्रदर्शन हुआ. खबर है की बीच सड़क पर झड़प भी हुई और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पगारे को बुलाकर उन्हें साड़ी भी पहनाई.
भाजपा ने चेतावनी दी : विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के कल्याण जिला अध्यक्ष नंदू परब ने किया. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पगारे के कृत्य की कड़ी निंदा की. परब ने चेतावनी देते हुए कहा,’हमारे प्रधानमंत्री की ऐसी तस्वीर पोस्ट करना न केवल अपमानजनक है, बल्कि अस्वीकार्य भी है. अगर हमारे नेताओं को बदनाम करने की ऐसी कोशिशें फिर से की गईं, तो भाजपा और भी कड़ा जवाब देगी.’
कांग्रेस की प्रतिक्रिया : वहीं, कांग्रेस ने भी भाजपा की प्रतिक्रिया की तीखी आलोचना की. कल्याण जिला कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पोटे ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘पगारे 73 साल के सीनियर पार्टी कार्यकर्ता हैं. अगर उन्होंने कुछ आपत्तिजनक पोस्ट किया था, तो भाजपा सदस्यों को उन्हें गुमराह करने और फिर जबरन साड़ी पहनाने के बजाय पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी.’
‘यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है’ : पोटे ने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी सपोर्टर अक्सर कांग्रेस के टॉप लीडरों के खिलाफ अपमानजनक सामग्री पोस्ट करते हैं, लेकिन उन्होंने उनके जैसा सलूक नहीं किया है. उन्होंने कहा, ‘हम मांग करते हैं कि पुलिस इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें.’
