नवादा : सिविल कोर्ट की जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिल्पी सोनीराज का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन से न्यायिक और प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, न्यायाधीश शिल्पी सोनीराज की तबीयत नवादा स्थित उनके सरकारी आवास में अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल नवादा के धर्मशीला देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
निधन की सूचना मिलते ही नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, एसडीओ अमित अनुराग और डीएसपी हुलास कुमार सहित कई अधिकारी और न्यायाधीश अस्पताल पहुंचे।
जिला के पीपी मनोज कुमार ने न्यायाधीश के निधन की पुष्टि की, लेकिन मौत के सटीक कारणों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। अस्पताल प्रशासन ने भी फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। शिल्पी सोनीराज हाल ही में 25 जनवरी को आयोजित एक फ्रेंडली क्रिकेट टूर्नामेंट में भी शामिल हुई थीं। इस मैच में उन्होंने कहा था कि यह खेल प्रेम का प्रतीक है, न कि हार-जीत का। उनकी सोच को सकारात्मक और प्रेरक बताया जाता था।
फिलहाल, उनके आकस्मिक निधन के कारणों की विस्तृत आधिकारिक सूचना का इंतजार है। इस दुखद घटना से स्थानीय लोग और न्यायिक समुदाय अचंभित हैं।
नवादा एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि शुक्रवार सुबह 7:15 बजे धर्मशिला अस्पताल से सूचना मिली कि न्यायाधीश का शव वहां लाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि न्यायाधीश गुरुवार रात करीब 10:30 बजे रजौली चेक पोस्ट के पास चाय पीकर अपने सरकारी आवास पर सोने गए थे। शुक्रवार सुबह केयरटेकर अमरदीप ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्हें धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
केयरटेकर अमरदीप ने इस संबंध में एक आवेदन दिया है। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी वीडियोग्राफी भी की जा रही है। इस प्रक्रिया के लिए एक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर हर पहलू की जांच की है।मृत्यु का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी। न्यायाधीश का पोस्टमार्टम आईजीएमएस अस्पताल में कराया जाएगा।
