मुरादाबाद : यूपी के मुरादाबाद स्थित पाकबड़ा थानाक्षेत्र के लोधीपुर राजपूत स्थित मदरसा जामिया एहसान-उल-बनात में आठवीं कक्षा में दाखिला देने से पहले 13 वर्षीय छात्रा से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट (मेडिकल रिपोर्ट) की मांग की गई। मदरसा प्रबंधन की इस अजीब डिमांड से छात्रा और उसके मां-पिता हैरान रह गए। पीड़िता के पिता की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने प्रधानाचार्य रहनुमा, एडमिशन सेल के प्रभारी मो. शाहजहां और अन्य स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मो. शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया है।
चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र में रहने वाले टेलर ने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि उसने वर्ष 2024 को अपनी बेटी का दाखिला पाकबड़ा थानाक्षेत्र के लोधीपुर राजपूत स्थित मदरसा जामिया एहसान-उल-बनात में कक्षा सात में कराया था। बेटी ने सातवीं कक्षा पास कर ली और इस बार आठवीं कक्षा में दाखिला होना था। इसी साल जुलाई माह में प्रयागराज में रहने वाली उसकी सास की तबीयत खराब हो गई थी। टेलर ने बताया कि उसकी पत्नी अपनी मां की देखभाल के लिए प्रयागराज चली गई थी और उससे कहा कि वह बेटी को मदरसे से चंडीगढ़ ले जाएं।
16 जुलाई को टेलर बेटी को चंडीगढ़ ले गया था। कुछ दिन बाद पत्नी प्रयागराज से वापस आ गई थी। इसके बाद टेलर की पत्नी 21 अगस्त को बेटी को लेकर पाकबड़ा के मदरसे पहुंची। आठवीं कक्षा में दाखिला करने के लिए प्रधानाचार्य रहनुमा और एडमिशन सेल प्रभारी मो. शाहजहां से मिलीं। आरोप है कि दोनों ने पहले 35 हजार रुपये जमा करा लिए। इसके बाद वर्जिनिटी सर्टिफिकेट की मांग की गई।
इसकी जानकारी मिलने पर पिता भी पहुंच गए। आरोप है कि उनके साथ मदरसा स्टाफ ने अभद्रता की और धक्के देकर तीनों को बाहर निकाल दिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर एडमिशन सेल के प्रभारी एवं बिहार के पूर्णिया जिले के रानी पत्रा थाना क्षेत्र के पुरखरिया निवासी मो. शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रधानाचार्य रहनुमा और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मुरादाबाद के पाकबड़ा थाने में पिता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 79, 351(2),352, 316(2) और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है।पति-पत्नी के आपसी विवाद में हमारे मदरसे को बदनाम किया जा रहा है। यह बात बिल्कुल गलत है। – अरबाब शम्सी, सचिव, मदरसा जामिया एहसान उल बनात
चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने पाकबड़ा क्षेत्र के मदरसे के प्रधानाचार्य, एडमिशन सेल के इंचार्ज समेत अन्य स्टाफ पर आरोप लगाया कि उनकी बेटी के चरित्र का हनन किया है। उनसे मेडिकल रिपोर्ट की मांग की गई है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। एडमिशन सेल के इंचार्ज मो. शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
