नालंदा : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहारशरीफ में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब अगर 100 बख्तियार खिलजी भी आ जाएं, तो नालंदा विश्वविद्यालय को कोई हाथ नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्निर्माण कराकर उसकी ऐतिहासिक विरासत को फिर से गौरव दिलाया है।
अमित शाह ने श्रम कल्याण केंद्र मैदान में आयोजित जनसभा में नालंदा जिले की पांच विधानसभा सीटों बिहारशरीफ से डॉ. सुनील कुमार, अस्थावां से जितेंद्र कुमार, नालंदा से श्रवण कुमार, हरनौत से हरिनारायण सिंह और राजगीर से कौशल किशोरके लिए एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया।
‘जंगलराज में छह चरण में होते थे चुनाव, अब एक चरण में होंगे’ : लालू-राबड़ी के शासनकाल पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि लालू-राबड़ी के जमाने में बिहार में कानून-व्यवस्था इतनी बिगड़ गई थी कि चुनाव छह-छह चरणों में कराने पड़ते थे। नीतीश बाबू और मोदी जी के शासन में यह दो चरण में हो रहा है। इस बार एनडीए की सरकार बना दीजिए, अगली बार एक ही चरण में चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने बिहार को बेहतर प्रदेश बनाया है और मोदी जी के नेतृत्व में राज्य नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
‘हमने अपहरण की इंडस्ट्री बंद की, वे घोटाले करते थे’ : अमित शाह ने कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में बिहार में सिर्फ एक ही उद्योग चलता था डकैती, खून, फिरौती और अपहरण का। हमने किडनैपिंग की इंडस्ट्री बंद की और बरौनी, मोकामा जैसे बंद पड़े उद्योगों को फिर से शुरू करने का काम किया। उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे केंद्र में मंत्री थे, तब उन्होंने चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब्स घोटाला और अलकतरा घोटाला जैसे कई भ्रष्टाचार किए।
‘विकास भी, विरासत भी’ : एनडीए सरकार के नारे “विकास भी, विरासत भी” को दोहराते हुए अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में 550 साल बाद राम मंदिर का निर्माण, कश्मीर से धारा 370 का हटना और तीन तलाक का अंत मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में एग्रो-प्रोसेसिंग इंडस्ट्री, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर जैसी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। साथ ही नालंदा में हुए विकास कार्यों जैसे फोर-लेन हाईवे, रेलवे ओवरब्रिज, स्मार्ट सिटी, उद्यान महाविद्यालय, जू-सफारी, ग्लास ब्रिज और पुलिस ट्रेनिंग अकादमी का भी जिक्र किया।
‘परिवारवादी आपकी चिंता नहीं कर सकते’ : अंत में शाह ने लालू प्रसाद यादव और सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू जी अपने बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी अपने बेटे को देश का प्रधानमंत्री। जो अपने बेटों और बेटियों की चिंता करते हैं, वे जनता की चिंता नहीं कर सकते। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक बार फिर एनडीए को पांच साल का मौका दें, ताकि बिहार को ‘विकसित बिहार’ बनाया जा सके।
