नई दिल्ली/इस्तांबुल : तुर्की के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई है। आपदा एवं आपात प्रबंधन एजेंसी (AFAD) के अनुसार, भूकंप का केंद्र बालीकेसिर प्रांत के सिंदिर्गी कस्बे में था। इसके झटके इस्तांबुल, बुरसा, मनिसा और इजमिर प्रांतों में भी महसूस किए गए।
भूकंप रात 10:48 बजे स्थानीय समयानुसार 5.99 किलोमीटर की गहराई में आया। झटकों के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। वहीं, इन झटकों में सिंदिर्गी कस्बे में तीन क्षतिग्रस्त इमारतें और एक दो मंजिला दुकान ढह गईं। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं, तुर्किए के गृहमंत्री अली यरलिकाया ने बताया कि जो इमारतें ढह गई हैं वे पहले से ही खाली थीं। वहीं, दो घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, सिंदिर्गी जिला प्रशासन ने बताया कि अभी तक किसी के मरने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हमारी समीक्षा जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि भूकंप के झटकों से लोग डरे हुए हैं, जिसके कारण कई लोग सड़क पर ही रात बिताई।
बीते अगस्त से लगातार महसूस किए जा रहे भूकंप के झटके : गौरतलब है कि तुर्किए दुनिया के उन देशों में शामिल है, जो सक्रिय भ्रंश रेखाओं (fault lines) पर स्थित होने के कारण अक्सर भूकंप से प्रभावित होते हैं। बीते अगस्त में उत्तर-पश्चिमी प्रांत बालिकेसिर के सिंदिरगी में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हुए थे। इसके बाद से इस क्षेत्र में छोटे-छोटे झटके लगातार महसूस किए जा रहे हैं।
2023 में भी आया था 7.8 तीव्रता का भूकंप : तुर्किये में 2023 में भी 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसने काफी तबाही मचाई थी। भूकंप के चलते 53,000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। भूकंप से 11 दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी प्रांतों में लाखों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वहीं, पड़ोसी सीरिया के उत्तरी हिस्सों में 6,000 लोग मारे गए थे।
