अमेरिका : एयरपोर्ट के पास कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त, ढाई लाख गैलन फ्यूल के धमाके से जल उठा इलाका

America-Cargo-Plane-Accident

नई दिल्ली : अमेरिका के केंटकी राज्य में लुईविल एयरपोर्ट के पास एक कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ. जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है और 11 लोग जख्मी भी हैं. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्गो विमान ने लुईविल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही क्रैश कर गया. हादसे के बाद आसपास की कई इमारतों में आग लग गई.

बताया जा रहा है कि यह विमान अमेरिकी शहर होनोलूलू के डैनियल के इनोये इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ जा रहा था. लुईविल के मेयर ने बताया कि हादसे के समय कार्गो विमान में करीब 2 लाख 80 हजार गैलन ईंधन मौजूद था. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान गिरने के बाद बड़े पैमाने पर आग भड़क गई और दूर-दूर तक धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए.

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की कि ‘UPS फ्लाइट 2976’ ने स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे लुईविल के मुहम्मद अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और उसे होनोलूलू (हवाई) के डैनियल के इनोउए इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ जाना था. उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया.

क्या बोले गवर्नर? : केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर कहते हैं,’अभी हमारा मानना है कि कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है. मुझे लगता है कि यह तादाद और बढ़ेगी. कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ बहुत गंभीर हैं और उनका स्थानीय अस्पतालों में फिर से इलाज किया जा रहा है. मुझे लगता है कि यह संख्या और बढ़ेगी.’

20 से ज्यादा इमरजेंसी कॉल्स : स्थानीय मीडिया के मुताबिक फर्न वैली रोड और ग्रेड लेन के पास जोरदार विस्फोट और आग लगने की सूचना मिली, जो एयरपोर्ट की सीमा के पास का इलाका है. लुईविल मेट्रो पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर आग और मलबे के साथ एक सक्रिय रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. पुलिस प्रवक्ता मैट सैंडर्स ने कहा कि यह प्लेन क्रैश से जुड़ा हादसा है, जिसमें घायल होने की सूचना है और 20 से ज्यादा इमरजेंसी कॉल्स मिलीं.

हादसे में शामिल विमान : FlightRadar24 के आंकड़ों के मुताबिक क्रैश हुआ विमान N259UP रजिस्ट्रेशन नंबर वाला McDonnell Douglas MD-11(F) था. यह करीब 34 साल पुराना विमान था जिसे बाद में कार्गो में कन्वर्ट किया गया था और 2006 में UPS सर्विस में शामिल हुआ था. हादसे के बाद प्रशासन ने हवाई अड्डे से पांच मील के दायरे में रहने वालों को घर में ही रहने (shelter-in-place) का आदेश जारी किया। बाद में इसे और बढ़ाया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *