श्रीनगर : जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में मेडिकल कॉलेज के जिस लॉकर में एके-47 राइफल बरामद हुई है. उस लॉकर के मालिक डॉ आदिल अहमद राथर के बारे में कई सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं. यह वही लॉकर है, जहां आदिल सहारनपुर आने से पहले काम कर रहा था.
सहारनपुर से पकड़ा गया डॉक्टर आदिल : अनंतनाग जिले के काजीगुंड इलाके का 31 वर्षीय चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. आदिल अहमद राथर दक्षिण कश्मीर का रहने वाला है. उसे श्रीनगर में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) का समर्थन करने वाले पोस्टर लगाने के आरोप में यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है.
डॉक्टर आदिल वर्तमान में सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था. उसने हाल ही में 4 अक्टूबर, 2025 को सहारनपुर में एक स्थानीय महिला डॉक्टर से शादी की. उसकी गिरफ्तारी तब हुई, 27 अक्टूबर 2025 की रात को श्रीनगर शहर में कई जगहों पर जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी समूह का प्रचार करने वाले पोस्टर पाए गए.
पुलिस के कैसे चढ़ गया हत्थे? : इसके बाद पुलिस अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की. जब पुलिस ने उन इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसमें डॉ. आदिल कथित तौर पर पोस्टर चिपकाते हुए दिखाई दिया. इसके बाद सहारनपुर में उनके स्थान का पता लगाने के लिए मोबाइल फोन ट्रैकिंग सहित तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया गया.
इसके बाद श्रीनगर पुलिस की एक टीम ने सहारनपुर पुलिस के साथ मिलकर अंबाला रोड बने सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में छापा मारा और आदिल को अरेस्ट कर लिया. सहारनपुर पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं था.
आदिल के अलावा दूसरा डॉक्टर भी अरेस्ट : गिरफ्तारी के बाद आदिल को सहारनपुर की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया. श्रीनगर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, एके-47 राइफल की बरामदगी से संबंधित मामले में पूछताछ के लिए आदिल के अलावा एक और डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है.
पकड़े गए दूसरे डॉक्टर की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है. सूत्रों की मानें तो दूसरा डॉक्टर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के क्विअल इलाके का रहने वाला है. घटना के बाद, सहारनपुर में स्थानीय खुफिया इकाई को अलर्ट कर दिया गया है और स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं में काम करने वाले जम्मू-कश्मीर के अन्य व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है.
