इंदौर : रॉबर्ट वाड्रा रविवार को इंदौर पहुंचे। वे दो दिवसीय प्रवास पर यहां आए हैं। इस दौरान उज्जैन महाकाल और ओंकारेश्वर की यात्रा करेंगे। रॉबर्ट वाड्रा ने इंदौर पहुंचते ही कहा कि चुनाव परिणाम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हैं और वहां दोबारा निष्पक्ष चुनाव होने चाहिए। धार्मिक प्रवास पर आए वाड्रा ने शिव शक्ति का आशीर्वाद लेकर राजनीतिक संघर्ष को आगे बढ़ाने की बात कही।
इंदौर विमानतल पर राॅबर्ट वाड्रा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि बिहार की जनता चुनाव से खुश नहीं है। चुनाव में जो नतीजे आए हैं, उसे बिहार की जनता ही स्वीकार नहीं रही है। चुनाव निर्वाचन आयोग ने भाजपा की मदद की है। राहुल गांधी के साथ युवा मिले और अब इस मामले में आंदोलन करेंगे। जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन नहीं होना चाहिए।
वाड्रा ने कहा कि बिहार चुनाव के नतीजे सही नहीं हैं। वहां पर फिर से चुनाव होना चाहिए। निष्पक्ष चुनाव होने के बाद नतीजे पलट जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जो कर रही है। उसे देश के युवा पसंद नहीं कर रहे हैं। हम लड़ेंगे इसके लिए शिव की शक्ति चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा उज्जैन आता हूं।
धार्मिक दौरे देशभर में होते हैं। मेरा भरोसा है कि दर्शन के बाद मुझे शिव की शक्ति मिलती है। राॅबर्ट उज्जैन के अलावा अेांकारेश्वर जाएंगे। वहां वे नर्मदा स्नान भी करेंगे। वे खजराना मंदिर भी गए और दर्शन किए।
राॅबर्ट का स्वागत करने रविवार को विमानतल पर कांग्रेस नेता पहुंचे। राॅबर्ट के विमानतल से बाहर आते ही कांग्रेस नेता नारेबाजी करने लगे और पुष्पमालाएं पहनाईं। राॅबर्ट दो दिन धार्मिक दौरे पर रहेंगे। इंदौर-खंडवा मार्ग पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने उनके स्वागत के लिए होर्डिंग भी लगाए गए।
