बिहार : नालंदा में नौकरी-शादी का झांसा देकर विधवा महिला का यौन शोषण, आरोपी मुखिया पति हुआ फरार 

Nalanda-Mukhiya-Pati-Rapist

नालंदा : बिहार में नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक विधवा महिला के साथ नौकरी और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के तिउरी गांव निवासी रोशन कुमार के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय मुखिया का पति बताया जा रहा है। पीड़िता द्वारा 12 दिसंबर को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

प्राथमिकी के अनुसार, फरवरी 2023 में बिहार शरीफ स्टेशन रोड पर पीड़िता की मुलाकात रोशन कुमार से हुई थी। उस समय पीड़िता शारीरिक परीक्षा यानी फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रही थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कस्टम इंस्पेक्टर बताया और दावा किया कि उसकी पहुंच उच्च अधिकारियों तक है तथा उसने अपने परिवार और अन्य लोगों को भी नौकरी दिलवाई है।

पीड़िता का विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे मैट्रिक, इंटर और स्नातक की मूल मार्कशीट ले ली। इसके बाद वह पीड़िता को सदर अस्पताल के पीछे स्थित एक फ्लैट में ले गया। वहां आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का झांसा दिया और जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं और बाद में उन्हीं तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल करने लगा। प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि हर शनिवार आरोपी पीड़िता को उसी फ्लैट में बुलाकर उसका शोषण करता रहा।

कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि रोशन कुमार पहले से विवाहित है और उसकी पत्नी बिहार शरीफ प्रखंड के तिउरी पंचायत की मुखिया हैं। इसके बाद पीड़िता ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया। बावजूद इसके आरोपी ने किसी तरह उसका नया नंबर हासिल कर लिया और अश्लील तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर फिर से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 7 दिसंबर को भी आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की।

महिला थाना प्रभारी उषा कुमारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आरोपी घटना के बाद से घर छोड़कर फरार है। पीड़िता की मेडिकल जांच भी पूरी कर ली गई है। पीड़िता ने पुलिस से अपनी मूल मार्कशीट वापस दिलाने और आरोपी द्वारा बनाए गए अश्लील फोटो व वीडियो को नष्ट कराने की गुहार लगाई है। साथ ही उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *