बंगाल : TMC विधायक मदन मित्रा का भगवान राम पर विवादित टिप्पणी, भाजपा बोली- संस्कृति का अपमान

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा के एक बयान पर सियासी बवाल मच गया है। एक वीडियो में टीएमसी विधायक मदन मित्रा को कहते हुए सुना जा सकता है कि भगवान राम मुसलमान थे। वीडियो शेयर करते हुए भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है।

वीडियो में कामरहाटी के विधायक एक जनसभा को संबोधित करते हुए भगवान राम की धार्मिक पहचान को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। पश्चिम बंगाल की भाजपा इकाई ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘ऐसा लगता है कि नेता हिंदू देवी-देवताओं और हिंदू मान्यताओं का अपमान करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।’

भाजपा ने कहा, ‘अब टीएमसी विधायक मदन मित्रा का कहना है कि भगवान राम मुसलमान थे, हिंदू नहीं। हमारी संस्कृति और इतिहास का यह निरंतर अपमान मात्र जुबान फिसलना नहीं है। बल्कि यह अवैध बांग्लादेशियों को एक स्पष्ट संदेश है कि टीएमसी सबसे हिंदू विरोधी पार्टी है और इसलिए उनकी मान्यताओं का प्रतिनिधित्व करती है।’

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की आलोचना करते हुए लिखा, ‘टीएमसी विधायक मदन मित्रा का यह अपमानजनक दावा कि ‘प्रभु श्री राम मुसलमान थे, हिंदू नहीं’ सनातन धर्म का जानबूझकर अपमान है।’

वीडियो में मदन मित्रा को कहते नजर आते हैं, ‘मुझे एक बार दिल्ली में मौका मिला तो मैंने उनके (भाजपा) के सबसे बड़े नेता से सवाल किया। मैंने उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि राम मुसलमान थे। आप साबित करके दिखाइए कि राम हिंदू थे। बताइए राम का सरनेम क्या था?’

टीएमसी विधायक ने वीडियो में आगे कहा, ‘मैं मदन मित्रा ये बात कह रहा हूं। आप पूरे देश में इसे फैला सकते हो। भाजपा मेरा क्या कर लेगी? मुझे मारेगी। गीता में लिखा है कि जो होना है, वही होगा। हर शख्स अपने भाग्य से बंधा है।’

उन्होंने मजाकिया लहजे में आगे कहा, ‘थोड़ी देर बाद एक साधु की वेशभूषा में शख्स सामने आया। उसके चेहरे पर एक तरफ पीएम मोदी और दूसरी ओर अमित शाह की तस्वीर थी। उसने कहा कि राम हिंदू थे और उनका सरनेम राम जेठमलानी था।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *