इंदौर : न्यूजीलैंड ने भारत को तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में 41 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम ने 2-1 से तीन मैचों की वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली। रविवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कीवियों ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की शतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में आठ विकेट पर 337 रन बनाए। जवाब में भारत की टीम 46 ओवर में 10 विकेट पर 296 रन बना सकी। उनके लिए विराट कोहली ने 124 और हर्षित राणा ने 52 रन बनाए।
डेरिल मिचेल के लगातार दूसरे शतक और ग्लेन फिलिप्स के तूफानी शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को खेले गए सीरीज के निर्णायक तीसरे वनडे मुकाबले में भारत के खिलाफ आठ विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत में मेहमान टीम को बड़े झटके दिए थे।
मिचेल (137 रन) और फिलिप्स (106 रन) ने चौथे विकेट के लिए 219 रनों की शानदार साझेदारी की, जिसने न्यूजीलैंड की पारी की दिशा ही बदल दी। मिचेल ने एक छोर संभालते हुए पारी को संभाला, जबकि फिलिप्स ने आक्रामक बल्लेबाजी से रन गति को तेज रखा। एक समय भारत मैच पर पूरी तरह हावी नजर आ रहा था, जब न्यूजीलैंड का स्कोर 58 रन पर तीन विकेट हो चुका था, लेकिन मिचेल और फिलिप्स की जोड़ी ने मुकाबले को बराबरी पर ला खड़ा किया।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, जिन्हें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में शामिल किया गया था, उन्होंने पहले ही ओवर में हेनरी निकोल्स (0) को आउट कर प्रभावशाली शुरुआत दिलाई। ऑफ स्टंप के करीब से डाली गई शानदार आउटस्विंगर पर निकोल्स दुविधा में पड़ गए और गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे लेग स्टंप से जा टकराई। अर्शदीप ने 10 ओवर में 63 रन देकर तीन विकेट झटके।
अर्शदीप के साथ हर्षित राणा (3/84) ने भी तेज और सटीक गेंदबाजी करते हुए शुरुआती ओवरों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को बांधे रखा। मेहमान टीम ने पहले 10 ओवर में सिर्फ 47 रन बनाए और दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। हर्षित ने डेवोन कॉनवे (5) को लगातार तीसरी बार अपना शिकार बनाया।
बैक-ऑफ-द-लेंथ गेंद पर कॉनवे का बाहरी किनारा स्लिप में सुरक्षित लपका गया। विल यंग (30) ने हर्षित पर डीप बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर से छक्का लगाकर दबाव तोड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंदबाज ने जल्द ही बदला चुकता कर लिया। हर्षित ने यंग और मिचेल के बीच हुई 53 रन की साझेदारी को तोड़ा, जब यंग का कड़ा कट शॉट बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े रवींद्र जडेजा के हाथों में चला गया।
इसके बाद मिचेल ने कुलदीप यादव पर बड़ा छक्का जड़कर न्यूजीलैंड की वापसी का संकेत दिया। हालांकि कुलदीप ने बाद में अपनी लाइन और लेंथ में सुधार करते हुए रन गति पर अंकुश लगाया। कुलदीप की लेग साइड पर भटकी गेंद पर चौका लगाकर मिचेल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 34वें ओवर के बाद गेंद नरम होने लगी, जिससे शॉट खेलना थोड़ा मुश्किल हो गया, लेकिन होल्कर स्टेडियम की छोटी बाउंड्री ने बल्लेबाजों को जोखिम उठाने के लिए प्रेरित किया।
मिचेल ने नीतीश कुमार रेड्डी पर सपाट छक्का लगाया, जबकि फिलिप्स ने भी मध्यम गति के इस गेंदबाज पर आक्रमण किया। इस दौरान फिलिप्स एक जीवनदान भी पाने में सफल रहे, जब हर्षित राणा हवा में उछले कैच तक नहीं पहुंच सके। फिलिप्स ने बाद में मोहम्मद सिराज (1/43) को पुल शॉट पर चौके के लिए भेजा और अर्शदीप को सीधे मैदान के बीचोंबीच छक्के के लिए उड़ा दिया।
मिचेल ने जडेजा की गेंद पर सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया, जो इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक था। 40वें ओवर में फिलिप्स ने जडेजा पर छक्का जड़ा और उसी ओवर में मिचेल ने चौका लगाते हुए न्यूज़ीलैंड का स्कोर 237/3 तक पहुंचा दिया। आखिरी ओवरों में भारत ने शानदार वापसी की। सिराज ने मिचेल को 137 रन पर आउट किया, जबकि अर्शदीप ने फिलिप्स (106) और जैक फॉल्क्स को पवेलियन भेजा। कुलदीप यादव ने मिचेल हे को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को एक और सफलता दिलाई, जिससे न्यूजीलैंड ने कुछ ही ओवरों में चार विकेट गंवा दिए। हालांकि, माइकल ब्रेसवेल ने नाबाद 28 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 330 रन के पार पहुंचाया और न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन बनाए।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। प्रसिद्ध कृष्णा की जगह अर्शदीप सिंह को एकादश में जगह मिली है। वहीं, न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
भारत : रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंड : डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जकारी फोल्क्स, काइल जैमिसन, क्रिस्टियन क्लार्क, जेडन लेनॉक्स।
