पटना/चेन्नई : तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। बिहार के शेखपुरा जिले का एक परिवार, जो बेहतर भविष्य के सपने लेकर परदेस गया था, अपनों की ही हैवानियत का शिकार हो गया। इस ट्रिपल मर्डर केस में शराब, जबरन यौन संबंध की कोशिश और फिरसबूतों को मिटाने के लिए शवों के टुकड़े-टुकड़े करने की भयावह कहानी सामने आई है।
चौंकाने वाली बात ये है कि इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि मृतक के गांव के पास के ही रहने वाले बिहारी मजदूर हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
जांच के अनुसार, गौरव यादव अपने परिवार के साथ काम की तलाश में चेन्नई पहुंचा था। 25 जनवरी की रात, गौरव ने अपने परिचित उपेंद्र और अन्य साथियों के साथ शराब पी। नशे में धुत आरोपियों की नीयत गौरव की पत्नी मोनी कुमारी पर बिगड़ गई और उन्होंने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।
जब गौरव ने अपनी पत्नी को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली। राज खुलने के डर से आरोपियों ने मोनी और उनके डेढ़ साल के मासूम बेटे गुड्डू की भी बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या के बाद दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने गौरव और उसके बेटे के शवों के टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन, अडियाल इलाके में गौरव का शव एक बोरे में मिला, जिससे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने जब संदिग्ध उपेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बकिंघम नहर से बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि पत्नी मोनी के शव की तलाश अब भी जारी है। आरोपियों का दावा है कि महिला का शव इंदिरा नगर एमआरटीएस स्टेशन के पास एक बड़े कूड़ेदान में फेंका गया था।
मृतक गौरव के पिता सुलेंद्र यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी उपेंद्र ही उनके बेटे को नौकरी का झांसा देकर चेन्नई ले गया था। गौरव की शादी 3 साल पहले हुई थी और वह परिवार के भरण-पोषण के लिए परदेस गया था। बुधवार रात जब गौरव और उसके बेटे के शव गांव पहुंचे, तो पूरे पथलाफार गांव में चीख-पुकार मच गई।
जिस शख्स पर भरोसा कर गौरव चेन्नई गया था, वही उसकी और उसके परिवार की मौत का सौदागर निकला। फिलहाल, चेन्नई पुलिस इंदिरा नगर एमआरटीएस स्टेशन के पास मोनी के शव की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।
