IND vs PAK : महामुकाबले से पहले सियासी ड्रामा, नकवी कोलंबो पहुंचे

Pak-Nakwi

कोलंबो : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी रविवार को  भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए शनिवार को कोलंबो पहुंच गए। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नकवी की इस यात्रा का मकसद सिर्फ मैच देखना नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह और अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर हालिया विवाद के बाद रिश्तों में आई तल्खी को कम करना भी है।

बांग्लादेश के भारत दौरे से इनकार के बाद पाकिस्तान सरकार ने एकजुटता दिखाते हुए पहले भारत के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था। हालांकि, आईसीसी, पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदलते हुए मैच खेलने की पुष्टि कर दी थी।

नकवी ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात कर आईसीसी और अन्य क्रिकेट बोर्डों के साथ पाकिस्तान के संबंधों पर चर्चा की थी। इससे पहले लाहौर में आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद गतिरोध टूटा था।

वहीं दूसरी ओर, बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भारत-पाकिस्तान मैच देखने का निमंत्रण ठुकरा दिया है। बांग्लादेशी मीडिया वेबसाइट डेली स्टार से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब उनकी टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले रही है, तो ऐसे में उनका वहां मौजूद रहना उचित नहीं होगा।

अमीनुल इस समय ढाका में हैं और उन्होंने साफ किया कि आईसीसी की ओर से विशेष अनुरोध के बावजूद उन्होंने जाने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उनके लिए उनकी राष्ट्रीय टीम सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। इस तरह भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले जहां एक ओर पीसीबी प्रमुख की मौजूदगी से सियासी और कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अध्यक्ष के इनकार ने टूर्नामेंट से जुड़े विवाद की पृष्ठभूमि को फिर उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *