दिल्ली : बर्थडे पार्टी..कार रेस और तीन मौत, पिता-पुत्र व नाती ने एक साथ तोड़ा दम

नई दिल्ली : दिल्ली स्थित नवादा के पप्पनकला बेटी के यहां मो. शाहिद, मो. फैज और हमजा के अलावा शाहिद की पत्नी फातिमा, फैज की पत्नी सबीरा, बहन शहाना व सबीरा की बहन भी गई थीं। रविवार को जब परिजन नॉर्थ घोंडा के लिए निकलने लगे तो फैज के छोटे जीजा फैजान ने महिलाओं के लिए कैब बुक कर ली। उसे नॉर्थ घोंडा की लोकेशन बता दी गई।

कैब चालक महिलाओं को लेकर निकल गया। कुछ देर बाद शाहिद भी बाइक से घर के लिए निकल गए। इस बीच कैब चालक रास्ता भटक गया और उसने कॉल कर फैजान को नॉर्थ घोंडा की लोकेशन मांगी। फैजान ने भी अपने ससुर शाहिद को कॉल कर दिया। कुछ ही देर बाद कॉल पिक हुई और किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया।

फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि जिनका यह फोन है, उनका एक्सीडेंट हो गया है और हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई है। यह सुनते ही फैजान के होश उड़ गए। उसने कॉलर से घटना स्थल की लोकेशन मांगी। बाद में उसने परिजनों को हादसे की जानकारी दी तो घर में कोहराम मच गया।

कुछ ही देर बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस जब तक औपचारिकताएं पूरी कर रही थी। बाद में परिजनों की मौजूदगी में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाहिद के दूसरे दामाद आरिफ ने बताया कि फोन उठाने वाले शख्स ने दो कारों की रेस लगाने और टक्कर माने की बात पुलिस को बताई है।

आरिफ ने बताया कि बाद में वह देर रात को पुलिस अधिकारियों से मिले। उनका कहना था कि वह सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी कार चालकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस को कुछ सुराग मिले भी हैं। उसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मोहम्म्द शाहिद और उनका बेटा फैज दोनों ही नौकरी कर अपने परिवार को चला रहे थे। एक साथ दोनों की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का चिंता सता रही है कि अब परिवार का क्या होगा। शाहिद की पत्नी फातिमा बेगम बीमार रहती हैं, उनको चलने-फिरने में भी दिक्कत होती है। कई हजार रुपये की उनकी दवाइयां आती हैं।

वहीं फैज की पत्नी सबीरा भी हाउस वाइफ हैं। इनके परिवार में अब फातिमा, सबीरा और फैज के दो बच्चे ढाई साल का साइम और तीन माह का उमर बचा है। शाहिद की पांचों बेटियां अपने परिवार के साथ अलग-अलग जगह रहती हैं। घर में एक साथ तीन मौतों की खबर मिलने के बाद उन सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।

एक परिजन ने बताया कि शाहिद के यहां पांच बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी हिना व छोटी बेटी साइमा की शादी नवादा के पप्पनकला में एक ही परिवार में हुई है। यहीं पर परिवार बर्थडे में आया था। इसके अलावा दूसरे नंबर की बेटी रुहीना यमुना विहार, तीसरे नंबर की बेटी शहाना सहारनपुर और चौथे नंबर की बेटी वेलकम में रहती है।

हमजा शहाना का बेटा था। शहाना के परिवार में पति नूर मोहम्मद व छोटी बेटी हबीबा है। बृहस्पतिवार को शहाना अपने मायके दिल्ली आई थी। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शाहिद व फैज के शव परिजनों के हवाले कर दिया। घर के पास ही शवों को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं शहाना बेटे के शव को लेकर सहारनपुर रवाना हो गई। वहीं पर उसको दफनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *