अमेरिका : न्यूयॉर्क की एक सड़क का नाम बदलकर ‘गुरु तेग बहादुर जी मार्ग’ हुआ, सिखों के नौवें गुरु का सम्मान

नई दिल्ली/न्यूयॉर्क : सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की त्याग, करुणा और न्याय के प्रति अडिग भावना को सम्मान देने के लिए न्यूयॉर्क सिटी की एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखा गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को एक पोस्ट साझा किया और इस कदम को सिख समुदाय के लिए ‘गर्व का क्षण’ बताया।

किस सड़क का बदला नाम? : अब रिचमंड हिल इलाके की 114वीं स्ट्रीट और 101वां एवेन्यू के हिस्से को आधिकारिक रूप से ‘गुरु तेग बहादुर जी मार्ग वे’के नाम से जाना जाएगा। यह वही इलाका है जहां प्रसिद्ध गुरुद्वारा मखन शाह लुबाना स्थित है। इस अवसर पर आयोजित नामकरण समारोह दीवाली के पूर्व सप्ताहांत में संपन्न हुआ।

हरदीप सिंह पुरी बताया ‘गर्व का क्षण’ : पूर्व राजनयिक ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “सिख संगत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण में, न्यूयॉर्क की एक सड़क का नाम अब धार्मिक स्वतंत्रता के प्रतीक और मानवाधिकारों के रक्षक, नौवें सिख गुरु साहिब, हिंद की चादर, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के नाम पर रखा गया है।”

उन्होंने आगे अपने पोस्ट में लिखा, “यह उचित सम्मान रिचमंड हिल में सिख समुदाय के महत्व को दर्शाता है और न्यूयॉर्क शहर के सांस्कृतिक ताने-बाने में सिख विरासत के योगदान को मान्यता देता है, जहां मैं 2009 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में अपनी नियुक्ति के दौरान रहा हूं।”

त्याग-करुणा और न्याय के प्रति अटूट विश्वास को सम्मान : न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल सदस्य लिन शुलमैन, जिन्होंने नाम बदलने का प्रस्ताव सिटी काउंसिल में पेश किया था, उन्होंने कहा कि यह कदम “नौवें सिख गुरु के त्याग, करुणा और न्याय के प्रति अटूट विश्वास” की विरासत का सम्मान करेगा। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “रिचमंड हिल स्थित 114वीं स्ट्रीट और 101वें एवेन्यू, जहां गुरुद्वारा माखन शाह लुबाना स्थित है, अब गुरु तेग बहादुर जी मार्ग के नाम से जाना जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *