बरेली : यूपी के बरेली श्यामगंज में भी भीड़ बेकाबू हो गई। पथराव और फायरिंग की नौबत आई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। नावल्टी तिराहे पर आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा गया। एसएसपी ने खुद माइक संभाला।
आई लव मोहम्मद के समर्थन में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के बुलावे पर शुक्रवार को जुटी भीड़ मौलाना के नदारद रहने से अराजक हो गई। खलील स्कूल तिराहे के पास दुकानों व वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। नावल्टी तिराहे पर पुलिस टीम पर पथराव और श्यामगंज में फायरिंग की। डीआईजी अजय कुमार साहनी के मुताबिक, इसमें 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। लाठीचार्ज भी किया। शाम पांच बजे स्थिति काबू में आई। पुलिस 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मौलाना तौकीर ने 19 सितंबर को किया था ऐलान : आई लव मोहम्मद के समर्थन में मौलाना तौकीर ने 19 सितंबर को एलान किया था कि शुक्रवार को वह इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में विरोध-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद कलक्ट्रेट जाकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने कोई अनुमति नहीं दी थी। गुरुवार रात 12 बजे अधिकारियों ने आईएमसी की ओर से जारी पत्र को सार्वजनिक किया था। इसमें कार्यक्रम स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई थी।
भीड़ को हावी होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया : इधर, शुक्रवार सुबह मौलाना ने वीडियो जारी कर रात में जारी पत्र को फर्जी बताया। दावा किया कि विरोध-प्रदर्शन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप ही होगा। उनके बुलावे पर शहर में भीड़ जुटी, पर अपराह्न साढ़े तीन बजे तक मौलाना का कोई पता न चला। तब मौलाना के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। नौमहला मस्जिद पर हंगामा व नारेबाजी शुरू हुई तो डीआईजी अजय साहनी व एसपी सिटी मानुष पारीक वहां पहुंचे। उनके समझाने पर भीड़ वहां से हटी तो बिहारीपुर में खलील स्कूल तिराहे के पास स्थिति बेकाबू हो गई। उग्र युवकों ने एक डॉक्टर की दुकान के शीशे और बाहर खड़ी दो बाइकें तोड़ दीं। भीड़ को हावी होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद शाम पांच बजे तक जगह-जगह उपद्रवियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प होती रही।
आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा : उधक, श्यामगंज में भी भीड़ बेकाबू हो गई। पथराव और फायरिंग की नौबत आई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। नावल्टी तिराहे पर आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा गया। एसएसपी ने खुद माइक संभाला। लोगों से घर जाने की अपील की। अब पुलिस शहर में बवाल भड़काने के लिए मौलाना व उनके सहयोगियों पर कानूनी शिकंजा कसने की रूपरेखा बना रही है।
ये बाजार रहे बंद : बिहारीपुर, श्यामगंज, कुतुबखाना, इस्लामिया मार्केट, सैलानी मार्केट, कोहाड़ापीर, आलमगिरीगंज, बांस मंडी, सिविल लाइंस, साहूकारा और पुराना बस अड्डा।
आईएमसी के प्रवक्ता ने हाथ काटने की दी थी धमकी : 21 सितंबर को एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें आईएमसी के प्रवक्ता डॉ. नफीस ने किला इंस्पेक्टर का हाथ काटने की धमकी दी थी। दरअसल, पुलिस किला बाजार से आई लव मोहम्मद के पोस्टर हटवाने गई थी। इसे लेकर डॉ. नफीस ने अपने समर्थकों के बीच कहा था कि इंस्पेक्टर किला से उनकी बात हुई है। उनसे कहा है कि पोस्टर हटाने वाले हाथ काट दिए जाएंगे और वर्दियां उतरवा दी जाएंगी। वीडियो वायरल होने पर डॉ. नफीस पर केस दर्ज हुआ था।
मौलाना तौकीर व पार्टी नेता रहे हाउस अरेस्ट : आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को आई लव मोहम्मद के समर्थन में प्रदर्शन का एलान किया था। इसे लेकर प्रशासन अलर्ट हुआ और मौलाना तौकीर सहित राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ़. नफीस खान, मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी को हाउस अरेस्ट रखा गया। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि मौलाना तौकीर बृहस्पतिवार को ही फाइक एन्क्लेव काॅलोनी स्थित अपने परिचित के यहां गए थे। पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो उन्हें वहां से निकलने ही नहीं दिया गया। डॉ. नफीस को उनके मलूकपुर और मुनीर को उनके बिहारीपुर स्थित आवास से नहीं निकलने दिया गया। शुक्रवार देर शाम तक उन्हें रिहा नहीं किया गया था।
आई लव मोहम्मद के पोस्टर लहराए : आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के आह्वान पर नौमहला मस्जिद पर जुटी भीड़ ने आई लव मोहम्मद के पोस्टर लहराए। मौलाना तौकीर नहीं पहुंचे तो आईएमसी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खान ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बेकाबू होती गई। लोगों ने नमाज अदा करने के बाद प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए आई लव मोहम्मद के बैनर व पोस्टर हवा में लहराए।
