कर्नाटक : बेंगलुरु में महिला के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में तीन युवक गिरफ्तार

Bengluru-Lady-harrashed

बेंगलुरु : कर्नाटक के बेंगलुरु में महिला के साथ हुई छेड़छाड़ का केस सामने आया। छेड़छाड़, सड़क पर पीछा, डर के साए के बीच पीड़िता की सावधानी और एक चश्मदीद की पहल ने 3 आरोपियों को पुलिस के शिकंजे में पहुंचा दिया, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

कैसे हुआ महिला के साथ छेड़छाड़ का खुलासा? : बता दें कि बेंगलुरु, दक्षिण-पूर्व डिवीजन पुलिस ने जयानगर से बीटीएम लेआउट की ओर जा रही एक महिला के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में तीन युवकों को पकड़ा है, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह मामला सोशल मीडिया पर तब तेजी से वायरल हो गया जब अभिनव वासुदेवन, जो इस घटना के चश्मदीद हैं, ने 24 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे महिला के साथ हो रही छेड़छाड़ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए पोस्ट किया था।

पीड़िता महिला ने सुनाई आपबीती : फिर 26 दिसंबर को पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि वीडियो में दिख रही महिला वही थी जिसके साथ यह घटना हुई। उसने बताया कि जयानगर मेट्रो स्टेशन से निकलने के बाद तीन युवक, बाइक पर उसका पीछा करने लगे। सुनसान गलियों से होते हुए मुख्य सड़क तक उसका पीछा जारी रहा, जिससे उसको भारी मानसिक तनाव हुआ।

पीड़िता ने सामने से खींची आरोपियों की तस्वीर : बाद में हालात से निपटने के लिए पीड़िता ने उडुपी गार्डन सिग्नल पर अपनी गाड़ी धीमी की और सामने से आरोपियों की तस्वीर खींच ली। कैमरे में कैद होते देख तीनों लड़के भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने जानबूझकर अपनी टांग से मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट छिपाने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपियों पर लिया कड़ा एक्शन : जान लें कि पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ा। आरोपियों में 19-19 साल के रोशन और अयान हैं जो चिकन शॉप में काम करते हैं। इसके अलावा, गैराज में काम करने वाला एक नाबालिग भी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों पर कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *