बिहार : मधुबनी मेडिकल कॉलेज का फरमान- ‘रमजान में साथ दिखे छात्र-छात्रा तो करा दिया जाएगा निकाह’

Bihar-Madhubanni

मधुबनी : बिहार के मधुबनी मेडिकल कॉलेज का एक अजीबोगरीब और विवादित सर्कुलर इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। कॉलेज प्रशासन ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर छात्र-छात्राओं के साथ खड़े होने पर न केवल पाबंदी लगाई है, बल्कि उल्लंघन करने पर सीधे निकाह करा देने की चेतावनी दी है। इस तुगलकी फरमान के सामने आने के बाद संस्थान के छात्र-छात्राओं में हड़कंप मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, मधुबनी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के हस्ताक्षर और मुहर के साथ जारी इस पत्र में रमजान के महीने का हवाला दिया गया है। सर्कुलर में स्पष्ट तौर पर लिखा गया है कि रमजान के पाक महीने के दौरान कोई भी लड़का और लड़की (कपल) एक साथ खड़े नहीं होंगे। अगर कोई छात्र-छात्रा एक साथ खड़े पाए जाते हैं, तो कॉलेज प्रशासन तुरंत उनका निकाह (विवाह) करा देगा।

कॉलेज के इस आधिकारिक लेटरहेड पर सख्त लहजे में चेतावनी दी गई है। पत्र में लिखा है, ‘आपको सूचित किया जाता है कि रमजान का महीना चल रहा है। ऐसे में कपल के एक साथ खड़े होने पर मनाही है। अगर कोई एक साथ खड़ा नजर आया तो तुरंत उनका निकाह करा दिया जाएगा। अगर कोई इस सर्कुलर का उल्लंघन करता है, तो कपल अपने वलीमा (शादी के बाद का भोज) के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।’

जैसे ही यह सर्कुलर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हनन बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन (डीएम) को सूचित कर दिया गया है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अब तक न तो कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई सफाई आई है और न ही जिला प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *