मुंबई : फलों पर लगा रहे थे चूहे मारने की दवा, महाराष्ट्र से दो फल बेचने वाले गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिली है. यहां के मलाड इलाके में 2 फल विक्रेताओं ने बिक्री के लिए रखे फलों में चूहे मारने की दवाई मिला दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक यह मामला स्थानीय निवासी कुणाल सालुंके की शिकायत के बाद सामने आया. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बाजार में 2 फल विक्रेता अपने फलों पर चूहे मारने की दवा का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं को गंभीर खतरा था.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों फल विक्रेताओं को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया. इंटरनेट पर वायरल वीडियो में एक फ्रूट सेलर एक हाथ में केले और दूसरे हाथ में रैटोल की ट्यूब पकड़े हुए दिख रहा है. पूछने पर वह कह रहा है कि केले खराब हैं. आसपास खड़े लोग उससे सवाल करते हुए सुनाई दे रहे हैं कि वह बच्चों के खाए जाने वाले फलों पर यह पदार्थ क्यों लगा रहा है. वीडियो में एक अन्य व्यक्ति अनार की ओर इशारा करते हुए कहता है कि उस पर भी यह पदार्थ लगाया गया था.

इस वीडियो के वायरल होते ही लोगों में आक्रोश पैदा हो गया है. कई लोगों ने लोकल मार्केट में पब्लिक हेल्थ और फूड सेफ्टी को लेकर चिंता जाहिर की.

शुरुआत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि चूहों से फलों को नुकसान पहुंचाने से रोकने के लिए चूहे मारने की दवा का इस्तेमाल किया गया था, हालांकि पुलिस ने इस हरकत को खतरनाक और गैरकानूनी बताते हुए कहा कि ऐसे पदार्थों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें पॉइजनिंग और अंगों को नुकसान शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *