चतरा : झारखंड के चतरा जिले में 1 अप्रैल से होमगार्ड बहाली प्रक्रिया शुरू हो रही है. बहाली प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. भर्ती प्रक्रिया 1 अप्रैल से 23 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी. भर्ती प्रक्रिया के तहत सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच और लिखित परीक्षा चतरा शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी.
होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू रूप से पूरा कराने पर जोर दिया. उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी निर्देश दिए.
इस मौके पर बहाली के दौरान होने वाली प्रक्रियाओं का ट्रायल भी कराया गया, जिससे कि किसी भी तरह की अव्यवस्था की संभावना को पहले ही खत्म किया जा सके.
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तय समयसीमा के अंदर सभी तैयारियां पूरा करने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन के तरफ से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पूरी हो. मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, एसडीओ जहूर आलम, एसडीपीओ संदीप सुमन, डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा, गृहरक्षा वाहिनी के जिला समादेष्टा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, होमगार्ड के इंस्पेक्टर माजिद आलम समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
