बिहार : सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक

Bihar-Nitish-Kumar

नालंदा : गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत नालंदा पहुंचे। भैंसासुर मंदिर के पास उनके काफिले में अचानक एक बच्ची आने से हड़कंप मच गया। महिला कांस्टेबल की सजगता से बच्ची सुरक्षित रही और बड़ा हादसा टल गया।

गुरुवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने गृह जिले नालंदा पहुंचे। इस दौरान उनके काफिले के सामने अचानक एक छोटी बच्ची के आ जाने से हड़कंप मच गया। यह घटना बिहार शरीफ के भैंसासुर मंदिर के पास तब हुई, जब मुख्यमंत्री फ्लाईओवर का उद्घाटन करने जा रहे थे।

घटना के समय मौके पर तैनात महिला कांस्टेबल ने तुरंत बच्ची को सुरक्षित स्थान पर हटा लिया। उनकी सजगता के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इससे पहले मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर नालंदा कॉलेज में लैंड हुआ। वहां से वे सीधे कार में बैठकर जिले के लिए 810 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब मुख्यमंत्री का सुरक्षा काफिला भैंसासुर मंदिर के पास पहुंचा, तो अचानक बच्ची सड़क पर दौड़ती हुई आ गई। हालांकि, महिला पुलिसकर्मी की तत्परता ने स्थिति को संभाल लिया। इस घटना ने हाई-प्रोफाइल ‘समृद्धि यात्रा’ और सीएम की सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच प्रशासनिक चूक पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

थोड़ी देर के व्यवधान के बाद मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ा और उन्होंने नव-निर्मित फ्लाईओवर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य और स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *