धनबाद : प्लेटफॉर्म संख्या 7 से लावारिस बैग में 6 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

Dhn-Railway-Wine

धनबाद : पूर्व मध्य रेल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट धनबाद द्वारा ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई। रात्रि गश्ती के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर लावारिस हालत में पड़े एक बैग से 6 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार 27-28 फरवरी 2026 की रात वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टास्क टीम धनबाद स्टेशन पर आपराधिक निगरानी एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान करीब 03:15 बजे ट्रेन संख्या 18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर आगमन के समय कालका छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज की सीढ़ी के सामने यात्री शेड के नीचे एक काला पिट्ठू बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला।

मौके पर मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद नियमानुसार बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 750-750 एमएल की कुल 6 बोतल “ROYAL GREEN DELUXE BLENDED WHISKY” बरामद हुई। प्रत्येक बोतल की कीमत 820 रुपये अंकित थी। कुल मात्रा 4500 एमएल और कुल मूल्य 4920 रुपये आंका गया। सभी बोतलों पर “For Sale in Jharkhand Only” लिखा हुआ पाया गया।

स्वतंत्र गवाह बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन यात्रियों ने कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों को गवाह मानते हुए करीब 03:35 बजे जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त किया गया। जब्त सामान को पोस्ट पर लाकर ऑन ड्यूटी टीए के चार्ज में सौंप दिया गया है।

आरपीएफ के अनुसार जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग, धनबाद को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में अज्ञात के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। गश्ती दल में एएसआई जीवलाल राम, प्रधान आरक्षी बबूलेश कुमार, प्रधान आरक्षी संजीव कुमार सिंह, आरक्षी विवेक कुमार एवं आरक्षी अनिल कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *