आज कुछ घंटों के बाद धरती के पास से गुजरेगा एक अनोखा एलियन धूमकेतु 3I/ATLAS

Earth-Allien-Space-Visit

नई दिल्ली : आज तड़के एक अनोखा एलियन धूमकेतु धरती के सबसे करीब से गुजरेगा. अच्छी बात यह है कि इससे हमारी धरती को खतरा नहीं है क्योंकि यह सुरक्षित दूरी से गुजरेगा. वैज्ञानिकों ने वह समय भी पता लगा लिया है जब यह हमारे सबसे नजदीक होगी. जो लोग अंतरिक्ष विज्ञान (Space Science) की चीजों को देखना पसंद करते हैं उनके लिए यह एक बेहतर मौका है. हालांकि, इसे साफ-साफ देखने के लिए आसमान का साफ होना और उस समय आपके इलाके में अंधेरा होना जरूरी है.

कब होगा धरती के सबसे करीब? : NASA की गणना के मुताबिक धूमकेतु 3I/ATLAS 19 दिसंबर को सुबह 11 बजे (भारतीय समयानुसार) धरती के सबसे नजदीक होगा. इसकी दूरी हमारे ग्रह से 27 करोड़ किमी की होगी जो बहुत ज्यादा है. आसान शब्दों में कहें तो धरती और सूरज के बीच जितनी दूरी है यह कॉमेट उससे भी 2 गुना ज्यादा दूरी पर होगा. लेकिन, इस दूरी को अंतरिक्ष विज्ञान के हिसाब से करीब माना जाता है.

एलियन कॉमेट से क्या पता चलेगा? : जब यह कॉमेट हमारे करीब आएगा तो वैज्ञानिकों को इसे करीब से समझने का एक बहुत बड़ा मौका मिलेगा. यह धूमकेतु हमारे सौर मंडल के बाहर से आया है इसलिए इसकी स्टडी करने से वैज्ञानिकों को यह पता लगेगा कि दूसरे तारों और ग्रहों के पास किस तरह की चीजें या पदार्थ मौजूद हैं. इसी वजह से वैज्ञानिकों के लिए यह खास मौका है.

इसे कैसे देख सकते हैं? : इसे देखने के लिए आपको एक बड़े टेलीस्कोप की जरूरत होगी क्योंकि यह साधारण आंखों से नहीं दिखेगा. टेलीस्कोप से भी यह एक धुंधली रोशनी वाली गेंद जैसा नजर आएगा. अगर आपके पास टेलीस्कोप नहीं है तब भी आप इसका लाइव स्ट्रीम वर्चुअल टेलीस्कोप प्रोजेक्ट (Virtual Telescope Project) पेज पर देख सकते हैं. यह लाइव वीडियो इटली की ऑब्जरवेटरी से दिखाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *