झारखंड : रांची में जाली नोटों का गिरोह सक्रिय, दुकानदारों को हो रहा नुकसान

fake-currency-notes-racket-active

रांची : राजधानी लोकसभा क्षेत्र के सिल्ली–मूरी इलाके में इन दिनों जाली नोटों का गिरोह सक्रिय हो गया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह भीड़भाड़ वाले दुकानों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य दुकान में सामान्य ग्राहक बनकर आते हैं, कम कीमत का सामान खरीदते हैं और जल्दी-जल्दी पैसे लौटाने का दबाव बनाकर भुगतान कर सामान लेकर तुरंत वहां से निकल जाते हैं। दुकान पर भीड़ होने की वजह से व्यापारी तुरंत नोटों की जांच नहीं कर पाते, और बाद में ही उन्हें पता चलता है कि नोट असली नहीं है।

मूरी के रहने वाले दुकानदार प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि उनके साथ भी ऐसा ही मामला हुआ। एक ग्राहक ने 200 रुपये का सामान खरीदा और जल्दबाज़ी दिखाते हुए पैसे देकर चला गया। जब प्रमोद ने थोड़ी देर बाद नोट चेक किया, तो वह जाली निकला। उनका कहना है कि वे किसी तरह अपने परिवार का खर्च चला रहे हैं और ऐसे धोखे से उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है।

इसी तरह अन्य दुकानदारों ने भी बताया कि क्षेत्र में 200 और 500 रुपये के जाली नोट बड़ी संख्या में फैलाए जा रहे हैं। कई लोगों ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस गिरोह पर शिकंजा कसा जा सके। दुकानदारों ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि लेनदेन के समय नोटों की अच्छी तरह जांच करें और संदिग्ध स्थिति दिखे तो तुरंत सतर्क हो जाएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस गिरोह पर कार्रवाई नहीं हुई, तो इलाके में आर्थिक नुकसान और बढ़ सकता है। पुलिस से अपेक्षा है कि जल्द से जल्द इस मामले में सख्त कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *